बरसात के दिनों में बाढ़ की संभावनाओं को देखते हुए 30 जून तक आवश्यक तैयारियां पूरी करें अधिकारी : डीसी
-बारिश के पानी की निकासी के लिए पम्पिंग सेट की व्यवस्था होनी चाहिए पूरी तरह से दुरुस्त
-पानी निकासी के लिए शार्ट टर्म बिजली कनेक्शन जारी करने के दिए निर्देश
– बाढ़ की तैयारियों को लेकर स्वयं फील्ड में उतरेंगे उपायुक्त
झज्जर, 11 जून।

डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने आगामी बरसाती सीजन को देखते हुए बाढ़ से बचाव को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को 30 जून तक जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में बाढ़ की संभावना को देखते हुए संबंधित विभाग बाढ़ प्रबंधन के लिए जितने भी कार्य हैं, उन्हें समय रहते पूरा करें। बरसात के सीजन से पहले सभी ड्रेनों व तालाबों की सफाई करवाना सुनिश्चित करें। डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ,मंगलवार को लघु सचिवालय सभागार में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी उमाशंकर की वीडियो कांफ्रेंस उपरांत बाढ से बचाव को लेकर तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जिला में डे्रनों की सफाई के अलावा बाढ़ प्रबंधन के दृष्टिगत टेंडर प्रक्रिया जल्द पूूरी करते हुए कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाए, ताकि संभावित बरसाती पानी के खड़े होने की समस्या से आमजन को पूरी तरह से निजात मिल सके। उन्होंने पानी निकासी को लेकर पंप सैट के लिए शॉर्ट टर्म बिजली कनेक्शन जारी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके अलावा ट्रैक्टर आधारित पंपों की समुचित व्यवस्था की जाए।
उन्होंने पीडब्ल्यूडी,सिंचाई,बिजली,पंचायती राज सहित अन्य विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि उन स्थानों को चिन्हित करें,जहां जलभराव की स्थिति पैदा होने की संभावना हो।
उन्होंने सिंचाई विभाग व बिजली विभाग, डीडीपीओ, नगरपरिषद, नगरपालिका के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपस में अपना तालमेल बनाकर रखें। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शहर में सभी नालों की सफाई के कार्य को दुरुस्त रखें। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों बाद वे स्वयं जिला के विभिन्न क्षेत्रों को दौरा करेंगे।
डा बीआर अंबेडकर मकान नवीनीकरण योजना का तय समय में मिले लाभ
इसके अलावा उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ तय समय में पहुंचे,इसके लिए अधिकारी तत्परता के साथ कार्य करें। वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए,इसके साथ डा बीआर अंबेडकर मकान नवीनीकरण योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के सत्यापन कार्य को जल्द पूरा किया जाए,जिससे पात्रों को लाभ मिल सके।
बैठक में यह अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एसडीएम झज्जर रविंद्र यादव, एसडीएम बादली सतीश यादव,एसडीएम बहादुरगढ़ परमजीत सिंह चहल, एसडीएम बेरी रविंद्र मलिक, डीएमसी परवेश कादियान डीआरओ प्रमोद चहल,सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता सतीश जनावा,तहसीलदार कीर्ति,पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन सुमित कुमार,जिला कल्याण अधिकारी श्वेता शर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
————–