प्रिय मतदाता …

—-भेज रहे हैं स्नेह निमंत्रण, वोट डालने आने को         
*-जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के मतदाताओं को सार्वजनिक रूप से भेजा स्नेह निमंत्रण पत्र, 25 मई को मतदान की अपील*
*-स्वागत में खड़े होंगे बूथ लेवल अधिकारी, दर्शनाभिलाषी होंगे पीठासीन अधिकारी व मतदान दल के सदस्य*
*झज्जर, 30 अप्रैल।लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

लोकसभा चुनाव को उत्सव की तरह मनाया जा रहा है और चुनाव आयोग उत्सव की भांति औपचारिकताएं करते हुए मतदाताओं को मतदान हेतु आकर्षित कर रहा है। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने किसी उत्सव के निमंत्रण की तरह ही जिले के मतदाताओं को मतदान हेतु निमंत्रण पत्र सार्वजनिक रूप से भेजा है और 25 मई को मतदान के दिन अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने के लिए अपने पोलिंग बूथ पर आने का आह्वान किया है।
डीसी ने बताया कि चुनाव आयोग की तरफ से सभी मतदाताओं को चुनाव के दिन मताधिकार का प्रयोग करने लिए पोलिंग बूथों पर आने का निमंत्रण दिया गया है। चुनाव आयोग द्वारा मतदाताओं को मतदान के प्रति आकर्षित बेहद सुंदर ढंग से सुसज्जित निमंत्रण पत्र तैयार किया है जिसमें सभी औपचारिकताएं किसी सामान्य उत्सव के निमंत्रण की तरह ही लिखी गई हैं। उन्होंने बताया कि यह चुनाव आयोग की एक अनोखी पहल है, जिसके तहत मतदाताओं को इस बार मतदान करने के लिए बुलाने हेतु ब्याह-शादी की तरह निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं। चुनाव आयोग द्वारा इस बार हरियाणा में मतदान प्रतिशत 75 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य है। राज्य में छठे चरण के तहत 25 मई को मतदान होना है और 29 अप्रैल को चुनावों की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरु हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों मतदाताओं के लिए पेयजल व अन्य सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं व गर्मी के मौसम में धूप से बचाव के लिए तैयारी की गई हैं।
डीसी ने बताया कि जिले में स्वीप अभियान भी लगातार जारी है जिसके तहत स्वीप अभियान की नोडल अधिकारी एडीसी सलोनी शर्मा की नेतृत्व में अनेक जागरूकता की गतिविधियों का लगातार आयोजन किया जा रहा है और इन गतिविधियों से काफी संख्या में लोग जुड़ रहे हैं।