*निर्धारित समयावधि में फसल गिरदावरी कार्य पूरा करें अधिकारी: डीसी*
*कृषि योग्य भूमि का मेरी फसल – मेरा ब्यौरा पोर्टल पर जरूर पंजीकरण कराएं किसान*
*- डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने अधिकारियों की बैठक में मेरी फसल मेरा ब्यौरा, रबी फसल गिरदावरी और डा भीमराव अंबेडकर मकान नवीनीकरण योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश*

 

 


*झज्जर, 07 मार्च।  लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि रबी फसलों की गिरदावरी का कार्य बहुत महत्वपूर्ण है,ऐसे में अधिकारी निष्ठा के साथ कार्य करें, इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह गुरुवार को मुख्यमंत्री हरियाणा के प्रधान सचिव वी. उमाशंकर के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद अधिकारियों की बैठक में जरूरी दिशा निर्देश दे रहे थे।
डीसी ने कहा कि किसानों को मेरी फसल, मेरा ब्यौरा पर रजिस्ट्रेशन करवाना चाहिए। इसके बगैर प्राकृतिक आपदा या अन्य कारणों से फसल खराब होने की स्थिति में क्षतिपूर्ति पोर्टल पर सरकारी आर्थिक सहायता का फायदा नहीं उठाया जा सकता। उन्होंने कहा कि झज्जर जिले में काफी संख्या में किसान रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं व जो किसान बचे हुए हैं । उन्हें कृषि विभाग द्वारा योजना से जोडऩे के लिए जागरूकता का कार्य किया जा रहा है।
डीसी ने अधिकारियों को फसलों की गिरदावरी व वेरिफिकेशन कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गिरदावरी व फसल वेरिफिकेशन कार्य जरूरी है गिरदावरी कार्य में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नही की जाएगी। क्योंकि फसल का रिकॉर्ड मिसमैच होने पर किसानों को मंडी में फसल बिक्री में असुविधा होती है,जिससे विभाग को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
*डा भीमराव अंबेडकर मकान नवीनीकरण योजना के तहत आवेदनों की जल्द हो वेरिफिकेशन*
डीसी ने डॉ भीमराव अंबेडकर मकान नवीनीकरण योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से आवेदनों की वेरिफिकेशन कार्य मे तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के मकान नवीनीकरण के लिए चल रही अम्बेडकर आवास नवीनीकरण योजना के तहत किये आवेदनों की वेरिफिकेशन बेहद जरूरी है,जिसे समय रहते पूरा किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थी को योजना का त्वरित लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत अनुसूचित जाति व बीपीएल कार्ड धारकों को उनके घर के नवीनीकरण एवं मरम्मत के लिए एकमुश्त 80 हजार तक वित्तीय सहायता अनुदान के रूप में प्रदान की जाती है। डीसी ने इस योजना के लिए आवेदन करने वाले परिवारों के मकानों का निरीक्षण करते हुए आवेदनों को मंजूरी प्रदान करने के निर्देश दिए।
*यह अधिकारी रहे मौजूद*
इस अवसर पर एडीसी सलोनी शर्मा, डीआरओ प्रमोद चहल, जिला कल्याण अधिकारी स्वेता शर्मा,कृषि विभाग के टीओ डॉ. ईश्वर जाखड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।