*झज्जर जिले के लिंगानुपात में लगातार हो रहा सुधार: एडीसी सलोनी शर्मा*
*बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को करना होगा मिलकर कार्य: एडीसी*
*खराब लिंगानुपात वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर बनाई विशेष रणनीति: एडीसी सलोनी शर्मा*
*भ्रूण जांच की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई कर रहा स्वास्थ्य विभाग: एडीसी*
*- जिले का लिंगानुपात सुधरकर हुआ 915*
*-लिंगानुपात में सीएचसी दूबलधन अव्वल, एक हजार बेटों पर 1001 बेटियां*
*झज्जर, 21 फरवरी।* लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के तहत सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के जिले में बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं और जिले में लिंगानुपात में लगातार सुधार हो रहा है। एडीसी सलोनी शर्मा ने बुधवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित पीसी एंड पीएनडीटी की वर्कशॉप एवं बैठक के दौरान कही। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में लिंगानुपात 915 है उन्होंने बताया कि जिले के सीएचसी दूबलधन के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में लिंगानुपात 1001 है व सीएचसी डीघल में 974 है।

पीसी एंड पीएनडीटी वर्कशॉप के दौरान जिला सिविल सर्जन डॉ ब्रह्मदीप सिंह के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सिविल सर्जन द्वारा बीते वर्ष के दौरान पीएनडीटी एक्ट के तहत जिले में हुई कार्रवाई की विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि जागरूकता के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग भ्रूण जांच की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई अमल में लाता है। बीते दो सालों के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने भ्रूण जांच की सूचना पर करीब 22 बार छापेमारी की कार्रवाई की। मीटिंग में जिले के तमाम सीएचसी व पीएचसी से डॉक्टर मौजूद रहे और उनसे संबंधित क्षेत्रों के बारे में विस्तार से चर्चा की।
एडीसी ने कहा कि जिन क्षेत्रों में लिंगानुपात कम है वहां मॉनिटरिंग बढ़ाई जाए व जागरूकता अभियान में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान कई विभागों से संबंधित है और सभी विभाग बेहतरीन सामंजस्य के साथ कार्य कर रहे हैं जिसके बेहतर परिणाम भी सामने आ रहे हैं। एडीसी ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के लक्ष्यों को पूरा करने में ग्राउंड लेवल पर कार्य करने वाली आशा वर्कर्स की सबसे अहम भूमिका है। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ ब्रह्मदीप सिंह, डीईओ राजेश कुमार, डीडीए जसविंदर, डब्ल्यूसीडीपीओ मीना कुमारी, राजबाला, प्रियंका सहित जिले के एसएमओ, एएमओ व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
*खराब लिंगानुपात वाले क्षेत्रों में बनेगी विशेष रणनीति: एडीसी*
एडीसी सलोनी शर्मा ने मीटिंग के दौरान कहा कि जिन क्षेत्रों के लिंगानुपात में अपेक्षाकृत कम सुधार हुआ है उनके लिए विशेष रणनीति तैयार की जाएगी। जिसमें स्वास्थ्य विभाग के साथ सीडीपीओ व अन्य विभाग मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है ।

*रोल मॉडल्स व प्रेरणात्मक कहानियां सामने लाए: एडीसी*
एडीसी सलोनी शर्मा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण को लेकर कार्य कर रहे लोगों की वास्तविक कहानियों व रोल मॉडल्स को समाज के सामने लाया जाए। इस प्रकार के जागरूकता अभियानों से लोगों की मानसिकता बदलती है और लोग बेटियों के जीवन व उनकी पढ़ाई लिखाई को लेकर जागरूक होते हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा को लेकर भी संवेदनशील होना जरूरी है ताकि वह शिक्षा हासिल करते हुए आत्मनिर्भर बनें व अपनी आने वाली पीढिय़ों के जीवन में भी परिवर्तन लाने में सक्षम हों।
*नियमित मॉनिटरिंग होगी, संवेदनशीलता बढ़ानी होगी: एडीसी*
एडीसी सलोनी शर्मा ने कहा कि महिलाओं को लेकर समाज में संवेदनशीलता बढ़ानी होगी और इसके लिए सरकारी योजनाओं को आमजन तक सहजता से पहुंचाना पहला कदम है। इसके साथ जागरूक करने के लिए प्रभावशाली तरीके से कार्य करना होगा। लिंगानुपात व महिला शिक्षा को लेकर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।
———————