*चंडीगढ़ ब्रेकिंग*
हरियाणा में जल्द ही चुनावी बिगुल बजने के आसार हैं। पचास के करीब नगर परिषद व नगर पालिकाओं के अलावा पंचायती राज संस्थाओं जिला परिषद, पंचायत समिति व ग्राम पंचायतों के चुनाव प्रस्तावित हैं। दोनों चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अलग-अलग चुनावी प्रबंधन समितियों का गठन किया हुआ है। इन कमेटियों की बैठकें भी हो चुकी हैं। अब शनिवार को करनाल के प्रेम प्लाजा में चुनावों को लेकर हाई लेवल बैठक होगी। सीएम मनोहर लाल खट्टर की मौजूदगी और प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सभी मंत्रियों-विधायकों, सांसदों व बोर्ड-निगमों के चेयरमैन आमंत्रित किए हैं। बैठक में दोनों कमेटियों के चेयरमैन और सदस्य भी मौजूद रहेंगे। पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पंचायतों से पहले नगर परिषद और नगर पालिकाओं के चुनाव करवाए जा सकते हैं। इनका कार्यकाल जून में पूरा हो चुका है।वहीं पंचायती राज संस्थाओं का कार्यकाल फरवरी में ही पूरा हो गया था। अब पंचायत व निकाय प्रशासकों के हवाले हैं। पंचायत चुनावों में देरी का बड़ा कारण यह है कि सरकार के एक फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी हुई है। दरअसल, गठबंधन सरकार ने पंचायतों में महिलाओं की भागीदारी 33 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने का निर्णय लिया है। 20 अगस्त को हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस की अध्यक्षता वाली डबल बेंच ने स्टे जारी रखने का फैसला दिया था। हाईकोर्ट ने सरकार को यह विकल्प भी दिया है कि अगर सरकार जल्द चुनाव करवाना चाहती है तो पुराने नियमों के तहत चुनाव करवाए जा सकते हैं। इसके लिए नये नियम सरकार को वापस लेने होंगे।