*गर्मी व लू से बचाव के लिए जरूरी प्रबंध सुनिश्चित करें अधिकारी: डीसी*
*डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने गर्मी के मौसम में गर्मी से बचाव के प्रबंधों को लेकर अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश*
*झज्जर, 25 अप्रैल लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
दिन प्रतिदिन गर्मी बढ़ने से तापमान में निरंतर बढ़ोतरी होगी, जिसके चलते संबंधित विभागों के अधिकारी समय रहते आवश्यक प्रबंध करना सुनिश्चित करें,ताकि गर्मी के मौसम में किसी प्रकार की परेशानी ना हो सके। उन्होंने कहा कि सभी विभाग गर्मी व हीट वेव से बचाव के लिए पूरी तैयारियां व प्रबंध सुनिश्चित करें। यह निर्देश डीसी कैप्टन शक्ति सिंह गुरुवार को लघु सचिवालय सभागार में आगामी गर्मी के मौसम में हीट वेव व हीट स्ट्रोक से बचाव को लेकर अधिकारियों की एक बैठक में दिए।
डीसी ने ग्रामीण विकास व विकास एवं पंचायत, पंचायती राज संस्थाओं को निर्देश दिए कि वे मनरेगा श्रमिकों के लिए दिन के समय अत्यधिक गर्मी से बचने के लिए विशेष कार्य योजना तैयार करें। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों के लिए भी गर्मी से बचाव के लिए काम के समय का शेड्यूल निर्धारित किया जाए।
उन्होंने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ओआरएस व अन्य जरूरी दवाओं की आपूर्ति की पूर्व स्थिति का अवलोकन करें। सभी स्वास्थ्य संस्थानों के साथ स्कूलों में ओआरएस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्कूलों में बिजली कटौती के दौरान पावर बैक अप का प्रावधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों के लिए छुट्टी से कुछ समय पहले वाटर बैल बजाकर स्कूल से पानी पिलाकर ही घर के लिए भेजे ताकि बच्चों को लू लगने से बचाया जा सके।। इस बीच उन्होंने सभी सरकारी भवनों में लगे अग्निशमन यंत्रों के संदर्भ में फायर ऑडिट,फायर उपकरण लगवाने और मॉक ड्रिल के लिए उठाए गए कदमों बारे विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने ने शहरी स्थानीय निकाय के अधिकारियों को निर्देश दिए कि हीट अलर्ट और एहतियाती उपाय बारे आमजन को जागरूक करें।
उपायुक्त ने बिजली विभाग के अधिकारियों को ऊर्जा संरक्षण बारे लोगों में जागरूकता पैदा करने, अत्यधिक गर्मी के दौरान बिजली की कटौती ना करने के लिए कहा। विभाग के कर्मियों के लिए गाइडलाइन जारी करने, जनस्वास्थ्य, कृषि, स्वास्थ्य संबंधी संस्थानों के लिए पावर बैक अप का प्रावधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई और जल संसाधन विभाग को नालों की सिल्टिंग और रखरखाव, वाटर वर्क्स टैंकों की क्षमता और तालाबों को भरने, पेयजल आपूर्ति की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ गर्मी व हीट वेव का रबी फसलों की उपज पर प्रभाव सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा करते हुए किसानों के लिए एडवाइजरी जारी करने व ग्रीष्मकालीन फसलों पर मौसम की स्थिति के प्रभाव को रोकने के लिए किए जाने वाले उपायों बारे जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने अत्याधिक गर्मी के मौसम के दौरान बसों में पानी का कैं पर रखने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने महिला बाल विकास विभाग को गर्मी की लहरों के खतरों के बारे में आंगनबाड़ी केंद्रों पर जागरूकता गतिविधियां बढ़ाने ,हीट वेव से संबंधित जानकारी का प्रसार करने को कहा। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों पर ओआरएस की नियमानुसार आपूर्ति और उसके उपयोग बारे जागरूक करने के निर्देश दिए। पशुपालन और डेयरी विभाग के अधिकारियों को पशुओं को लू से बचाने के लिए पशुपालकों के बीच जागरूकता पैदा करने की हिदायतें दी। साथ ही जिला भर में पशुओ के लिए स्वच्छ पानी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
*बैठक में यह अधिकारी रहे मौजूद*
इस अवसर पर जिला नगरायुक्त परवेश कादयान,एसडीएम झज्जर रविंद्र यादव,एसडीएम बादली सतीश यादव, एसडीएम बहादुरगढ़ परमजीत चहल, एसडीएम बेरी रविन्द्र मलिक,डीआरओ प्रमोद चहल,डिप्टी सीईओ निशा तंवर, सिविल सर्जन डॉ ब्रह्मदीप सिंह, डीपीओ उर्मिल सिवाच, डीईओ राजेश कुमार,जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन ओम सिंह राणा, डीडीपीओ झज्जर ,डीआईपीआरओ सतीश कुुमार,एक्सईएन खिवलेश भारद्वाज, टीओ डॉ ईश्वर जाखड़,आरएफओ दिनेश कुमार,लेबर अधिकारी राजेन्द्र हुड्डा सहित संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
………………….