महाग्राम योजना में शामिल कर गांव गंगवा को शहरी तर्ज पर विकसित किया जाएगा: डिप्टी स्पीकर
गांव के गणमान्य लोगों के साथ विकास कार्यों पर चर्चा की।
भव्य समुदायिक केंद्र के लिए जल्द आरम्भ होंगे निर्माण कार्य
हिसार, 6 जून।
हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने कहा है कि महाग्राम योजना के तहत गांव गंगवा में शहरों की तर्ज पर सभी सुख-सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि गांव गंगवा को महाग्राम योजना के तहत जल्द ही कवर किया जाएगा। योजना के तहत यहां स्वच्छ पानी की आपूर्ति बढ़ाने, सीवरेज प्रणाली और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने जैसी सुविधाओं के अलावा अन्य विकास कार्य करवाए जाएंगे। वे रविवार को गांव के गणमान्य लोगों के साथ विकास कार्यों को लेकर चर्चा कर रहे थे। सामुदायिक केंद्र में आयोजित बैठक के दौरान डिप्टी स्पीकर ने ग्रामवासियों की मांग पर सामुदायिक केंद्र में विभिन्न निर्माण कार्य आरंभ किए जाने के निर्देश दिए ताकि इस केंद्र को भव्य सामुदायिक केंद्र बनाया जा सके। इस सामुदायिक केंद्र के निर्माण कार्यों के लिए डिप्टी स्पीकर ने 21 लाख रुपए देने की घोषणा की है, इससे पहले भी वे 3 लाख रुपये की राशि दे चुके हैं। इसी प्रकार से एचआरडीएफ कोटे से 19 लाख 70 हजार तथा जिला पार्षद की ओर से 10 लाख रुपए की राशि सामुदायिक केंद्र में विकास कार्यों के लिए दी गई है। इस राशि से जल्द ही यहां पर चारदीवारी का पुनर्निर्माण, मिट्टी की भर्ती, पार्क, मुख्य द्वार व वाहन पार्किंग जैसे निर्माण कार्य आरंभ होंगे। कार्य पूरे होने के बाद न केवल ग्रामवासी बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोग यहां सामाजिक-धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि गांव में बिजली सब-स्टेशन तथा एसटीपी स्थापित करने जैसी योजनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर डिप्टी स्पीकर ने सामुदायिक केंद्र के परिसर में पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपना योगदान देने का संकल्प दिलवाया। उन्होंने कहा कि यदि हमारे पास आसपास हरियाली होगी तो गांव का माहौल शुद्ध होगा और हम बीमारियों से बचेंगे। इस अवसर पर हरियाणा पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, राजेन्द्र सांगवान, ईश्वर मालवाल, अशोक मित्तल, रामचंद्र गंगवा व गांव के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

four × five =