*अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियां पूर्ण*
*- रोडवेज वर्कशॉप में जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ ही सभी खंडों में होंगे योग दिवस पर भव्य कार्यक्रम*
*- पूर्व मंत्री ओपी धनखड़ होंगे जिला स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि*
*- स्वयं और समाज के लिए योग थीम के साथ योग दिवस के साक्षी बनेंगे जिलावासी
*झज्जर, 20 जून। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि गुरुवार 21 जून को जिला मुख्यालय के साथ ही खंड स्तर पर भी दसवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के दृष्टिगत सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के भाषण का सीधा प्रसारण भी होगा। इसके साथ ही योग दिवस के दृष्टिगत निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार सभी प्रतिभागी योग करेंगे।
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हिसार के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय पर रोडवेज वर्कशॉप में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में पूर्व मंत्री हरियाणा सरकार ओपी धनखड़ बतौर मुख्य अतिथि जिला वासियों के साथ योगाभ्यास करेंगे। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद चेयरपर्सन जिले सिंह सैनी द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा नागरिकों की भागीदारी हो, इसके लिए पिछले कई दिनों से योगाभ्यास कार्यक्रमों के माध्यम से योग साधक कार्यक्रमों को तैयारी में जुटे हुए हैं।
डीसी ने कहा कि दसवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिला प्रशासन द्वारा पिछले कई दिनों से सरकार के दिशा निर्देशानुसार योग प्रोटोकॉल आधारित कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है,। दसवे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर इस बार जिलावासी स्वयं और समाज के लिए योग थीम के साथ योग दिवस के साक्षी बनेगे।
*माछरौली, बादली, बहादुरगढ़ सहित सभी खंडों में होंगे योग दिवस कार्यक्रम*
उन्होंने बताया कि 10 वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सरकार के दिशा निर्देश अनुसार खंड स्तर पर भी मनाया जा जा रहा है। यह कार्यक्रम 21 जून शुक्रवार को खंड स्तर पर बेरी में नई अनाज मंडी,माछरौली व मातनहेल मेंं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल, सालावास में आईटीआई, बादली में केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान देवरखाना, बहादुरगढ़ में डॉ भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में मनाया जायेगा। इसके उपरांत योग पर आधारित सेमिनार और शाम के समय संगोष्ठी भी होंगी।
*कार्यक्रमो में प्रोटोकॉल आधारित होंगी योगासन से जुड़ी विधाएं*
डीसी ने बताया कि योग दिवस पर जिला में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में योग साधको को प्रोटोकॉल आधारित ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्ध चक्रासन व त्रिकोणासन, बैठकर करने वाले दंडासन, भद्रासन, वज्रासन, अर्ध उष्ट्रासन, उष्ट्रासन, शशकासन, उत्तानमंडूक व वज्रासन, पेट के बल लेटकर किए वाले मकरासन, भुजंगासन, शलभासन तथा सेतुबंधासन, उत्तानपाद आसन, अर्ध हलासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली, भ्रामरी,पवनमुक्तासन व शवासन आदि योगासनों व प्राणायाम का अभ्यास योग सहायक द्वारा करवाया जाएगा। उन्होंने जिला वासियों से योग दिवस में सहभागी बनने के लिए प्रात: छह बजे से शुरू होने वाले कार्यक्रम में बढ़चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया है।