*हरियाणा प्रदेश के लिपिकीय वर्ग कर्मचारी एक बार फिर जा सकते हैं आंदोलन की राह पर,जायज मांग नहीं मानी तो 7 जुलाई को होगा विरोध प्रदर्शन और मुख्यमंत्री आवास घेराव*

झज्जर 13 जून लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

*लिपिकीय वर्ग कर्मचारी सम्मानजनक वेतनमान व अन्य महत्वपूर्ण लंबित मांगों के लिए एक बार फिर एक जुट होते हुए नजर आ रहा है, क्लेरिकल एसोसिएशन वेलफेयर सोसाइटी हरियाणा की प्रदेश कार्यकारिणी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार को चेतावनी दी है कि 15 अगस्त 2023 को पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और क्लेरिकल एसोसिएशन के नेताओं के बीच हुए समझौते अनुसार 35 दिन के हड़ताल पीरियड को ड्यूटी पीरियड और 7 दिन की E.L. काटने तथा सम्मानजनक वेतनमान देने के वादे को पूरा करें अन्यथा हरियाणा प्रदेश के सभी विभागों, बोर्डों,नगर निकायों और विश्वविद्यालयों के लिपिकीय कर्मचारियों को मजबूरन फिर से संघर्ष की राह पर पड़ेगा। क्लेरिकल एसोसिएशन के राज्य प्रधान श्री बलजीत जून ने कहा कि हमने माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर हमारी जायज मांग पर विचार विमर्श करने तथा मिलने के लिए अनुरोध किया है,हड़ताल के समय नकारे गए 21700 का वेतनमान को लिपिकीय वर्ग के ऊपर थोप दिया गया है जो वेतनवृद्धि नहीं एक मात्र छलावा है,हम जींद में इसका पुरजोर विरोध प्रदर्शन भी कर चुके हैं।

वहीं राज्य महासचिव श्री सतीश ढाका ने कहा कि लिपिक वर्गीय कर्मचारी लंबे समय से सम्मानजनक वेतनमान के लिए संघर्षरत है,हमारी एसोसिएशन हरियाणा सरकार के संज्ञान में लाना चाहती है की जल्द से जल्द सभी मुख्य मांगों पर विचार विमर्श के समय दें और यथाशीघ्र समाधान करें नहीं तो हरियाणा प्रदेश का पूरा लिपिकीय कर्मचारी आगामी 18 जून 2024 से 06 जुलाई 2024 तक सरकार का विरोध करते हुए जनहित में कार्य करेंगे व 07 जुलाई 2024 को करनाल में विरोध प्रदर्शन तथा मुख्यमंत्री आवास घेराव करेंगे तथा जायज मांगे पूर्ण होने तक संघर्ष को जारी रखा जाएगा, जिसके लिए सरकार जिम्मेवार होगी।

प्रेस वार्ता के दौरान मुख्य रूप से राज्य प्रधान बलजीत सिंह जून , राज्य प्रधान (महिला विंग ) जया यादव , राज्य वरिष्ठ उप प्रधान सुरेंद्र सिंह सुहाग , राज्य महासचिव सतीश कुमार ढाका , राज्य उप महासचिव विकास सिंह छोकर , ज़िला प्रधान झज्झर मोहित गुलिया , ज़िला कैशियर झज्झर धर्मेंद्र ढाका , यशपाल आदि माजूद रहे।