*शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से चुनाव संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन तैयार*
*- भयमुक्त माहौल में अधिक से अधिक मतदान करें और लोकतंत्र को महान बनाएं : जिला निर्वाचन अधिकारी*
*- कड़ी सुरक्षा के साथ 797 मतदान केंद्रों पर पहुंची पोलिंग पार्टियां, 818662 मतदाता करेंगे मतदान*
*- जिला निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में हुई पोलिंग पार्टियां रवाना*
*- मतदान प्रतिशत देखने के लिए वोटर टर्नआउट एप का करें इस्तेमाल*
*- मतदान केंद्र पर लाइन की जानकारी के लिए वोटर इन क्यू का करें इस्तेमाल*
*झज्जर, 24 मई। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

लोकसभा 2024 आम चुनाव संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को पोलिंग पार्टियां राजकीय नेहरू पीजी कॉलेज से कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना हुईं। जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह की निगरानी में 797 मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुई। इस दौरान जिले की चारों की विधानसभा क्षेत्रों के एआरओ (सहायक निर्वाचन अधिकारी) ने अपने विधानसभा के अनुसार पोलिंग पार्टियों को रवाना किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पोलिंग पार्टियों व पुलिस फोर्स के कर्मचारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व पारदर्शी ढंग से चुनाव ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव ड्यूटी में लापरवाही को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा व लापरवाही करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ चुनाव आयोग द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पोलिंग पार्टियों को निर्देश देते हुए कहा कि मतदान के समय चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना की जाए। शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव संपन्न करवाने के उद्देश्य से जिले में शराब बिक्री चुनाव संपन्न होने तक प्रतिबंधित है। मतदान से 48 घंटे पूर्व शराब बिक्री व खरीद बंद रहेगी व 25 मई शाम छह बजे तक यह पाबंदी जारी रहेगी। चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मचारियों को जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष तौर पर दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि पोलिंग स्टेशन पर पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करें। मतदान केंद्र पर नियमों की पालना सुनिश्चित करें जिससे मतदान की प्रक्रिया सही ढंग से पूरी हो।
*निश्चिंत होकर करें मतदान, गर्मी से बचाव के हैं पूरे इंतजाम*
उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए मतदाताओं के लिए पोलिंग स्टेशनों पर पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं। सभी पोलिंग स्टेशनों पर धूप से बचाव के इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा पेयजल व अन्य सुविधाएं भी पोलिंग बूथ पर मिलेंगी। गर्मी के मौसम में मतदान केंद्रों पर ओआरएस के पाउच की व्यवस्था भी की गई है। सभी मतदाताओं से जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिक से अधिक मतदान करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में वोटर इन क्यू एप भी वोटरों के लिए सहायक साबित होगी। इस एप के जरिये वोटर मतदान केंद्रों पर लगी मतदाताओं की लाइन में कितने लोग लगे हैं यह जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

*नाकों पर पुलिस तैनात*
नियमानुसार जिले में स्थापित नाकों पर पुलिस फोर्स के साथ एफएसटी व एसएसटी टीमें तलाशी अभियान चला रही हैं। इन नाकों पर वाहनों की तलाशी ली जा रही है। प्रशासन की तरफ से चुनाव को प्रभावित करने वाली वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
*बॉक्स:*
*सुबह 7 बजे शुरू होगा मतदान, वोटर टर्नआउट से जाने मतदान प्रतिशत*
शनिवार सुबह 7 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। मतदान के एक घंटे पूर्व यानी सुबह 6 बजे मॉक पोल होगा। इसके बाद मतदान प्रक्रिया शुरु हो जाएगी। वोटर मतदान प्रतिशत देखने के लिए चुनाव आयोग द्वारा लॉन्च की गई वोटर टर्नआउट एप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस एप के जरिये मतदान प्रतिशत को जानकारी देखी जा सकती है।
———————–