*लोक सभा आम चुनाव 2024 :*
*- लोकसभा चुनाव को लेकर नेहरू कॉलेज में प्रथम पायलट रिहर्सल आयोजित*
*- लोकतंत्र के महापर्व चुनाव में ड्यूटी लगना गर्व का विषय : डीसी*
*- मतदान प्रक्रिया के बारे में अधिकारियों को विस्तार से दी जानकारी*
*झज्जर, 23 अप्रैल।लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह के दिशा-निर्देशन में लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रथम चरण की पायलट रिहर्सल स्थानीय राजकीय पीजी नेहरू कॉलेज के सभागार में आयोजित हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आगामी 25 मई को लोकसभा चुनाव हेतु मतदान के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है और कर्मचारियों की रिहर्सल के चरण शुरू हो चुके हैं। मंगलवार को पीठासीन अधिकारी व वैकल्पिक पीठासीन अधिकारियों की रिहर्सल का आयोजन किया गया। चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को एसडीएम एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी ने मतदान प्रक्रिया व ईवीएम के इस्तेमाल को लेकर विस्तार से अधिकारियों को जानकारी दी।
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है और चुनाव में ड्यूटी लगना अपने आप में गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी सभी कर्मचारी और अधिकारी आयोग द्वारा जारी इन्फोर्मेशन हैंडबुक को ध्यान से पढ़ें। जिले में निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शिता के साथ मतदान प्रक्रिया पूर्ण करवाने के लिए पोलिंग पार्टियों को संवेदनशीलता व गंभीरता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों सख्त हिदायत देते हुए कहा कि मतदान बूथ के लिए डिस्पैच होने के बाद पोलिंग पार्टियां केवल निर्धारित वाहन में ही जाएं। ईवीएम केवल जीपीएस लगे निर्धारित वाहन में सुरक्षा बलों के साथ ही मूवमेंट करेगी। डीसी ने कहा कि मतदान प्रक्रिया व चुनावों से संबंधित अन्य कार्यों को निर्धारित नियमावली के तहत समय सारिणी के अनुरूप पूरा करवाने के लिए पहला प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया हैं। इस प्रशिक्षण के माध्यम से सेशन वाइज़ सभी पीठासीन व सहायक पीठासीन अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया से संबंधित नियमों की जानकारी देने के साथ साथ ईवीएम व वीवीपैट की हैंडलिंग के लिए तकनीकी रूप से भी कुशल बनाया जा रहा है।
*चुनाव के लिए पीठासीन व सहायक पीठासीन अधिकारी नियुक्त*
जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि 796 मतदान केंद्रों पर वोटिंग करवाने के लिए पीठासीन व सहायक पीठासीन अधिकारी व पोलिंग अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इन अधिकारियों को बैच के अनुसार ट्रेनिंग दी जा रही है। उन्होंने कहा कि ट्रेनिंग सभी पीठासीन व सहायक पीठासीन अधिकारियों के लिए अति आवश्यक है, क्योंकि ट्रेनिंग के जरिये की मतदान की पूरी प्रक्रिया को आयोजित कैसे करवाया जाना है इसकी विस्तृत जानकारी अधिकारी को दी जाती है।
*29 अप्रैल से शुरु होगी नामांकन प्रक्रिया*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि झज्जर जिला रोहतक लोकसभा क्षेत्र में शामिल व 29 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरु हो जाएगी जो 6 मई तक चलेगी। नामांकन की जांच 7 मई को की जाएगी व 9 मई तक नामांकन वापसी की प्रक्रिया चलेगी। 25 मई को मतदान होगा व 4 जून को चुनाव का परिणाम घोषित किये जाएंगे। झज्जर जिले के सभी चार विधानसभा की ईवीएम के लिए राजकीय पीजी नेहरू कॉलेज में स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं व यही पर जिले की मतगणना की प्रक्रिया पूरी होगी।
*वोटिंग 25 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक*
जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश के अनुसार झज्जर जिला में लोकसभा चुनाव 2024 के लिए वोटिंग 25 मई शनिवार को होगी। वोटिंग सुबह सात बजे शुरू होगी और शाम को छह बजे तक मतदान किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जिला में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान एडीसी एवं स्वीप अभियान की नोडल अधिकारी सलोनी शर्मा के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची में शामिल सभी मतदाताओं को अपने मताधिकार का उपयोग करना चाहिए।
*रिहर्सल में यह अधिकारी रहे मौजूद*
इस अवसर पर एडीसी सलोनी शर्मा, एसडीएम एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी झज्जर रविंद्र यादव, एसडीएम एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी बादली सतीश यादव, एसडीएम एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी बेरी रविंद्र मलिक, निर्वाचन नायब तहसीलदार सुरेंद्र कुमार, चुनाव कानूनगो सुनील डांगी, मनोज कुमार सहित चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।