चुनाव का पर्व-देश का गर्व
जिलाभर में लगभग एक लाख ने ली मतदाता शपथ
– राजकीय व प्राइवेट शिक्षण संस्थानों, सरकारी-अर्द्ध सरकारी कार्यालयों, सावर्जनिक स्थानों, प्रतिष्ठानों में मतदाता शपथ दिलाने पहुंचे अधिकारी
– स्वीप अभियान के जरिये घर-घर पहुंच रहा मतदान के महत्व का संदेश
स्वयं भी मतदान करें व दूसरों को मतदान के लिए प्रेरित करें
झज्जर, 10 अप्रैल। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

लोकसभा चुनाव के मध्यनजर बुधवार को जिले भर में उत्साहपूर्ण माहौल रहा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी के मार्गदर्शन में व्यापक स्तर पर सरकारी अर्द्ध सरकारी कार्यालयों, सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक संस्थानों, प्रतिष्ठानों, उद्यमों आदि में मतदाता शपथ समारोह आयोजित हुए। लोकतंत्र के पर्व में लगभग एक लाख छात्र-छात्राओं, कर्मचारियों और आमजन ने लोकसभा चुनाव में निर्भीक होकर, धर्म, जाति व समुदाय के प्रलोभनों से मुक्त होकर मतदान करने की शपथ ली। अधिकारियों ने संस्थानों में पहुंचकर शपथ दिलाई और मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया।
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह शहीद रमेश कुमार मॉडल संस्कृति स्कूल झज्जर में एडीसी सलोनी शर्मा ने लघु सचिवालय सभागार, एसडीएम ने अपने -अपने उपमंडल के शिक्षण संस्थानों में अधिकारियों ने अपने विभागों में, नियुक्त किए गए अधिकारियों ने सार्वजनिक स्थानों पर शपथ दिलाई। मतदाता शपथ कार्यक्रम को लेकर लोगों में गजब का जज्बा दिखा।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह के दिशा निर्देशन में मतदाता जागरूकता हेतु स्वीप अभियान जिले में व्यापक रूप से चल रहा है। स्वीप अभियान की नोडल अधिकारी एडीसी सलोनी शर्मा ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को मतदान के महत्व से अवगत करवाते हुए अधिक से अधिक मतदान करवाना है। इसी अभियान के तहत जिले में मतदाता शपथ कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इस दौरान लघु सचिवालय स्थित सरकारी कार्यालयों के विभागाध्यक्ष व कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में मतदान करने व मतदान के महत्व का संदेश अन्य लोगों तक पहुंचाने की शपथ ली।
———————-