फतेहाबाद 18 मार्च लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
अशोक तंवर ने भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक।
लोकसभा चुनावों को लेकर की मंत्रणा, अशोक तंवर ने कहा हर बूथ पर 370 वोटों को बढ़ाने का लक्ष्य, 4 जून को लिखा जाएगा इतिहास, 400 के पार होगा आंकड़ा, विपक्षीय दलों को लिया आड़े हाथ – कहा मृत्युशैया पर पड़ा है विपक्ष,
सिरसा संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अशोक तंवर आज फतेहाबाद दौरे पर रहे। भाजपा कार्यालय में उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और आगामी चुनावों को लेकर चर्चा की गई और जरूरी दिशा निर्देश दिए गए। बैठक में फतेहाबाद और रतिया के विधायकों के अलावा भाजपा संगठन से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक उपरांत मीडिया से बात करते हुए अशोक तंवर ने कहा कि पिछले चुनावों में सिरसा सीट पर भाजपा 3 लाख से अधिक वोटों से जीती थी, इस बार यह आंकड़ा इससे कहीं बड़ा होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य हर बूथ पर 370 वोटों की बढ़ोतरी का है। उन्होने कहा इस बार 4 जून को इतिहास लिखा जाएगा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी और पिछले 10 वर्षों में विकसित भारत की जो बुनियाद रखी गई है उस पर भव्य इमारत बनाने का काम होगा। उन्होंने विपक्षी दलों को आड़े हाथ लेते हुए विपक्षी को मृतप्राय: बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष तो मृत्युशैया पर है। उन्होंने कहा यह उनके कर्म हैं जो किए वो सामने आ रहे हैं। देश की जनता ने इन्हें बार-बार मौका दिया, मगर ये लोग देश की जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरे। अशोक तंवर ने कहा कि जो जनता की भावनाओं पर खरा उतरेगा देश उसके साथ चलेगा। उन्होंने दावा किया इस बार फिर देश में भाजपा की सरकार बनेगी और 400 का आंकड़ा पार होगा।