*सरकार की अंत्योदय की भावना साकार करती है मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना : डीसी*
*-जिला झज्जर के एक दर्जन से अधिक तीर्थ यात्री अयोध्या दर्शन के लिए हुए रवाना*
*- कहा, तीर्थ स्थलों के दर्शन के लिए सरकार ने किया है यह पोर्टल शुरू, पंजीकरण के बाद श्रद्धालुओं को निशुल्क कराई जा रही है यात्रा*
*झज्जर, 15 मार्च। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

* मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत जिला झज्जर से एक दर्जन से ज्यादा तीर्थ यात्री अयोध्या धाम के लिए रोडवेज की वोल्वो बस सेवा से रवाना हुए। तीर्थयात्रियों का यह दल भगवान श्री राम के दर्शन करते हुए 16 मार्च को वापिस झज्जर पहुंचेगा। डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने तीर्थ यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए यात्रा का लाभ उठाने का आह्वान किया है।
डीसी ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना अंत्योदय की भावना को साकार करती है। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर पंजीकृत यात्रियों को अयोध्या दर्शन सहित अन्य धार्मिक स्थानों का भ्रमण करवाया जाना शामिल है। तीर्थयात्री जो तीर्थ स्थानों पर जाने के इच्छुक हैं, वे अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत रजिस्ट्रेशन के लिए 1 लाख 80 हजार रुपये सालाना से कम आय वाले तथा 60 वर्ष से ऊपर के लोगों के लिए यह सुविधा नि:शुल्क दी जा रही है।
डीसी ने बताया कि प्रभु श्रीराम जी के जन्म स्थान अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है। लोगों की इच्छा थी कि वे अयोध्या जाकर राम मंदिर के दर्शन करें, इसलिए हरियाणा सरकार ने योजनाबद्ध तरीके से मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की घोषणा की। योजना के तहत झज्जर जिला के एक दर्जन से ज्यादा तीर्थ यात्रियों को वोल्वो बस से रवाना किया जा रहा है
उन्होंने कहा कि इन तीर्थयात्रियों का रात्रि ठहराव लखनऊ में किया गया है, जहां पर उनका जलपान व भोजन की व्यवस्था की गई है तथा उसके बाद अयोध्या में श्रीराम लला जी के दर्शन करेंगे। वापसी में फिर से लखनऊ में रात्रि ठहराव के बाद तीर्थ यात्री 16 मार्च को वापिस लौटेंगे। उन्होंने कहा कि इन तीर्थ यात्रियों में सभी लोग ऐसे हैं जिनकी अपने आराध्य प्रभू श्री रामलला के दर्शन की बहुत इच्छा थी लेकिन संसाधन न होने की वजह से नहीं जा पा रहे थे। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग अब इस योजना के तहत वातानुकूलित बस में बैठकर अयोध्या धाम जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ भविष्य में भी लेने के लिए सरल पोर्टल पर आवेदन किया जा सकता है।
डीसी ने सभी तीर्थ यात्रियों को बधाई देते हुए कहा कि यह हम सभी के आराध्य प्रभू श्रीराम लला के दर्शनों का सुनहरा मौका है। सभी तीर्थ यात्री शेड्यूल के अनुरूप भगवान श्री राम के दर्शन करते हुए कार्यक्रम का लाभ उठाएं।