*पोषण अभियान को लेकर आपसी समन्वय के साथ कार्य करें अधिकारी : एडीसी*
*-जिलाभर में 23 मार्च तक चलेगा पोषण कार्यक्रम*
*- एडीसी सलोनी शर्मा ने अधिकारियों की बैठक में दिए जरूरी निर्देश*
*झज्जर,15 मार्च। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
लघु सचिवालय स्थित सभागार में शुक्रवार को एडीसी सलोनी शर्मा की अध्यक्षता में आगामी 23 मार्च तक चलने वाले पोषण अभियान को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। अतिरिक्त उपायुक्त ने बैठक में संबन्धित विभागों के अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश दिए।
एडीसी ने कहा कि पोषण अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के लिए आंगनबाड़ी ,आशा वर्करों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही पंचायती राज संस्थाओं से जुड़ी महिलाओं को भी शामिल किया जाए। इस अभियान को लेकर होने वाले कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य सम्बन्धित अन्य गतिविधियों को शामिल किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार के लिए स्वयं सहायता समूह की सहायता ली जानी चाहिए। स्वयं सहायता समूह से संतुलित आहार की डिश तैयार करवाकर उसको ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जा सके।
एडीसी ने बताया कि कुपोषण की पहचान करके उसके निदान के लिए पोषण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। शरीर को लम्बे समय तक आवश्यक संतुलित आहार ना मिलने से मनुष्य कुपोषण का शिकार हो जाता है। कुपोषित व्यक्ति में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है। ऐसे में वो कई प्रकार की बीमारियों के शिकार हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि कार्य करने में थकावट आना चिड़चिड़ापन होना घबराहट होना और शरीर का वजन कम होना आदि कुपोषण के लक्षण हैं। उन्होंने कहा कि कुपोषण को संतुलित आहार के साथ दूर किया जा सकता है।
एडीसी सलोनी शर्मा ने अभियान को लेकर निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाएं। साथ ही इस अभियान को पखवाड़ा तक सीमित रखने की बजाए निरंतर चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल महिला एवं बाल विकास विभाग का ही प्रोजेक्ट नहीं ,बल्कि सभी विभागों की सहभागिता जरूरी है। इस अभियान के अंतर्गत पोषण वाटिका, पौधरोपण, योगाभ्यास, किचन गार्डनिंग,पोषण वर्कशाप,स्वच्छता अभियान सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिससे पोषण को लेकर आमजन जागरूक हो सकें। बैठक के दौरान एडीसी ने अधिकारियों को पोषण के प्रति जागरूकता की शपथ दिलाई।
इस बीच महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रियंका रानी ने बताया कि विभाग द्वारा 23 मार्च तक पोषण आहार के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अलग-अलग गतिविधियां करवाई जाएंगी। इनमें आंगनवाड़ी केन्द्रों स्कूलों कॉलेजों समेत अन्य संस्थाओं को शामिल किया गया है। एनीमिया की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्यक्रम चलाया जाएगा।
*बैठक में इन विभागों के अधिकारी रहे मौजूद*
इस मौके पर डीएफओ दीपक शर्मा, उप सिविल सर्जन डॉ बसंत दुबे,डॉ संदीप सिंह,डीईओ राजेश कुमार, जिला आयुष अधिकारी डॉ इंद्रजीत सिंह,डीईईओ सुभाष भारद्वाज, डीएसओ ललिता मलिक,डीपीओ प्रियंका रानी,जनस्वास्थ्य विभाग के जिला समन्वयक श्याम अहलावत,कृषि विभाग के टीओ डॉ ईश्वर जाखड़,महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी सबिता मलिक,सरिता देवी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी गण मौजूद रहे।