*कृषि योग्य भूमि का मेरी फसल – मेरा ब्यौरा पोर्टल पर जरूर पंजीकरण कराएं किसान : डीसी*
*-मंडियों में फसल खरीद कार्य में किसानों को मिलेगी जरूरी सुविधाएं*
*- डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने अधिकारियों की बैठक में मेरी फसल मेरा ब्यौरा, रबी फसल गिरदावरी,फसल खरीद प्रबंध और डा भीमराव अंबेडकर मकान नवीनीकरण योजना की समीक्षा*
*झज्जर, 14 मार्च लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि रबी फसलों की गिरदावरी का कार्य बहुत महत्वपूर्ण है,ऐसे में अधिकारी निष्ठा के साथ कार्य करें, इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह गुरुवार को मुख्यमंत्री हरियाणा के प्रधान सचिव वी. उमाशंकर के साथ हुई वीसी उपरांत अधिकारियों की बैठक में जरूरी दिशा निर्देश दे रहे थे।
उन्होंने रबि फसलों की खरीद तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि खरीद के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो,इसके लिए जरूरी प्रबंध समय रहते पूरे किए जाएं। उन्होंने मंडियों में पेयजल, शौचालय,बिजली,तिरपाल, झरने, नमी मापक यंत्र,धर्मकांटा आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएं। सभी एसडीएम अपने अपने क्षेत्रों के खरीद केंद्रों का निरीक्षण करें।
डीसी ने कहा कि किसानों को मंडी में फसल बिक्री के लिए मेरी फसल, मेरा ब्यौरा पर रजिस्ट्रेशन करवाना जरूरी है। इसके बगैर प्राकृतिक आपदा या अन्य कारणों से फसल खराब होने की स्थिति में क्षतिपूर्ति पोर्टल पर सरकारी आर्थिक सहायता का फायदा नहीं उठाया जा सकता। उन्होंने कहा कि झज्जर जिले में काफी संख्या में किसान रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं व जो किसान बचे हुए हैं । उन्हें कृषि विभाग द्वारा योजना से जोडऩे के लिए जागरूकता का कार्य किया जा रहा है।
डीसी ने अधिकारियों को फसलों की गिरदावरी व वेरिफिकेशन कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गिरदावरी व फसल वेरिफिकेशन कार्य अंतिम चरण में है गिरदावरी कार्य में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्योंकि फसल का रिकॉर्ड मिसमैच होने पर किसानों को मंडी में फसल बिक्री में असुविधा होती है,जिससे विभाग को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
*- मकान नवीनीकरण योजना के तहत आवेदनों की जल्द हो वेरिफिकेशन*
डीसी ने डॉ भीमराव अंबेडकर मकान नवीनीकरण योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से आवेदनों की वेरिफिकेशन कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के मकान नवीनीकरण के लिए चल रही अम्बेडकर आवास नवीनीकरण योजना के तहत किये आवेदनों की वेरिफिकेशन बेहद जरूरी है,जिसे समय रहते पूरा किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थी को योजना का त्वरित लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत अनुसूचित जाति व बीपीएल कार्ड धारकों को उनके घर के नवीनीकरण एवं मरम्मत के लिए एकमुश्त 80 हजार तक वित्तीय सहायता अनुदान के रूप में प्रदान की जाती है। डीसी ने इस योजना के लिए आवेदन करने वाले परिवारों के मकानों का निरीक्षण करते हुए आवेदनों को मंजूरी प्रदान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम झज्जर रविंद्र यादव,एसडीएम बेरी रविंद्र मलिक,डीडीए डॉ जितेंद्र अहलावत, जिला कल्याण अधिकारी श्वेता शर्मा,टीओ डॉ ईश्वर जाखड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।