*ग्राम पंचायतों व शहरी निकायों को अनुदान पर मिलेंगे खेल उपकरणः डीसी कैप्टन शक्ति सिंह*
*खेल सुविधाओं का विस्तार होने से निखरेगी जिला की खेल प्रतिभाएं*

झज्जर, 9 मार्च। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से ग्राम पंचायतों और शहरी निकायों में विभिन्न प्रकार के खेलों को बढ़ावा देने व गांव में छुपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से हरियाणा खेल उपकरण प्रावधान योजना 2023-24 अधिसूचित की गई है। इस योजना के तहत ग्राम पंचायतों व नगर निकायों को विभिन्न प्रकार के खेल का सामान अनुदान पर उपलब्ध करवाया जाएगा। यह योजना वित्त वर्ष 2023-24 के लिया है जो 31 मार्च तक चलेगी। डीसी ने बताया कि हरियाणा सरकार की इस योजना से झज्जर जिले में खेलों को बढ़ावा मिलेगा और खिलाड़ियों को सुविधाएं मिलने से उनकी प्रतिभा में निखार आएगा। इससे खेलों की तरफ युवा और अधिक आकर्षित होंगे। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत व शहरी निकाय इस योजना के तहत आवेदन करने के लिए पात्र हैं। यदि संबंधित गांव व शहर में संबंधित खेल के लिए उचित खेल का मैदान होगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा खेल उपकरण प्रावधान योजना के तहत वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, बॉक्सिंग, कुश्ती, जूडो, क्रिकेट के खेल शामिल हैं जिसके तहत खेल का सामान उपलब्ध कराए जाने का प्रावधान है।