*मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल की शिकायतें प्राथमिकता से दूर करें अधिकारी: डीसी*
*पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की नियमित रूप से समीक्षा करें अधिकारी*

झज्जर, 09 मार्च। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि देश की प्रगति में किसानों का अहम रोल है और रबी की फसलों की कटाई का समय शुरू होने वाला है। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए शुरू किये गए मेरी फसल- मेरा ब्यौरा पोर्टल पर किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ दूर करने के कृषि एवं किसान कल्याण के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं, ताकि किसानों को बेवजह कोई परेशानी नहीं हो।

उन्होंने कहा कि पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की नियमित रूप से समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर रबी फसलों के पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाए। इसके अलावा हाल ही में भारी बरसात से खराब हुई फसलों का ब्यौरा भी ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर देने के लिए किसानों को जागरूक किया जाए। उन्होंने गिरदावरी के कार्यों को पूरी गंभीरता एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ पूरा करने के लिए राजस्व, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों को जरूरी हिदायत दी।