नूंह में 01 केन्द्र अधीक्षक 02 ऑब्जर्वर एवं 01 पर्यवेक्षक ड्यूटी से रिलीव एवं सम्बन्धित परीक्षार्थी व एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ दर्ज करवाई एफ.आई.आर.*
भिवानी, 01 मार्च, लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित करवाई जा रही सीनियर सैकेण्डरी (शैक्षिक व मुक्त विद्यालय) की संस्कृत/उर्दु/जैव प्रौद्योगिकी एवं डी.एल.एड. (रि-अपीयर/मर्सी चांस) की Childhood and Development of Children विषय की परीक्षा में कुल 05 अनुचित साधन के मामले दर्ज किए गए।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वी.पी.यादव ने एक प्रेस वक्तव्य में बताया कि आज संचालित हुई सीनियर सैकेण्डरी की उर्दू विषय की परीक्षा का प्रश्र पत्र किसी बाह्य व्यक्ति द्वारा वायरल कर दिया गया जिसकी सूचना बोर्ड को प्राप्त हुई। जिस पर तुरन्त कार्यवाही करते हुए शिक्षा बोर्ड द्वारा अपनाई गई तकनीक के माध्यम से प्रश्र पत्र पर उपलब्ध क्यूआर कोड से पता लगाया गया कि प्रश्र पत्र नूंह के परीक्षा केन्द्र रा०व०मा०वि०टपकन-02 (बी-2) से आउट हुआ है। बोर्ड के जिला प्रश्र पत्र उडऩदस्ता, नूंह की टीम ने मौके पर पंहुच कर परीक्षार्थी को दबोच लिया और केन्द्र पर कार्यरत केन्द्र अधीक्षक, ऑब्जर्वर, पर्यवेक्षक को तुरन्त प्रभाव से परीक्षा रिलीव कर दिया गया तथा परीक्षा केन्द्र का चार्ज कार्यरत उप केन्द्र अधीक्षक को सौंपा गया। उन्होंने बताया कि जिला प्रश्र पत्र उडऩदस्ता नूंह द्वारा केन्द्र पर नकल में संलिप्त पाए गए कार्यरत केन्द्र अधीक्षक, ऑब्जर्वर, पर्यवेक्षक, एक अन्य व्यक्तिएवं सम्बन्धित परीक्षार्थी के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज करवाई गई। बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि इस केन्द्र पर संचालित हुई आज की उर्दु विषय की परीक्षा पवित्रता भंग होने के कारण रद्द कर दी गई है।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि उनके स्वयं एवं बोर्ड सचिव के उडऩदस्ते द्वारा जिला- भिवानी के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया, जहां परीक्षा नकल रहित व शान्तिपूर्वक ढग़ से चल रही थी।
उन्होंने बताया कि नकल पर अकुंश लगाने के गठित किए गए उडऩदस्तों द्वारा नकल के 05 मामले दर्ज किए गए। आज संचालित हुई सीनियर सैकेण्डरी में 20,341 एवं डी.एल.एड. की परीक्षा में 2,697 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए।
उन्होंने सभी परीक्षार्थियों, अध्यापकों, अभिभावकों व ग्राम पंचायतों से अपील है कि वे नकल रहित परीक्षाओं के सुसंचालन में सहयोग करें। परीक्षार्थी अपना प्रश्र पत्र किसी भी सूरत मे किसी से भी सांझा न करें, न ही किसी को मोबाइल से फोटो खिंचने दें। अगर किसी ने ऐसा करने की कोशिश की तो उसे प्रश्र पत्र पर अंकित क्यूआर कोड एवं अल्फा न्यूमेरिक कोड व पेपर में हिडन सिक्योरिटी फीचर की अपनाई गई नई तकनीक से अविलम्ब दबोच लिया जाएगा और संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि शिक्षा बोर्ड द्वारा नकल करने व करवाने वालो के प्रति शुन्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई है तथा नकल और अनुचित साधनों के प्रयोग को समाप्त करने के लिए अभियान चलाया हुआ है। बोर्ड परीक्षा केन्द्रों पर खास पैनी निगाहें बनाए हुए हैं तथा केंद्रों पर पूरी सख्ती की जा रही है। नकलचियों व नकल करवाने में मदद करने वाले को किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा।