भिवानी में आप का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता पहुंचे भिवानी
जनप्रतिनधियों की अनदेखी के चलते भिवानी मेें बना मूलभूत सुविधाओं का टोटा : डा. सुशील गुप्ता
भाजपा ने षडय़ंत्र के तत आप के दो मंत्री व एक सांसद को झूठे केसों में फंसाया : डा. सुशील गुप्ता
भाजपा सरकार ने हरियाणा के हर वर्ग को त्रस्त करने का किया काम : आप प्रदेशाध्यक्ष डा. सुशील गुप्ता
भिवानी, 19 फरवरी :लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. सुशील गुप्ता ने कहा कि अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार के काल हैं। मोदी सरकार आम आदमी पार्टी के डर से उनको गिरफ्तार करना चाहती है, लेकिन आम आदमी पार्टी का जुझारू कार्यकर्ता ना डरता है और ना झुकता है। भाजपा सरकार द्वारा षडय़ंत्र के तहत आम आदमी पार्टी के दो मंत्री, एक सांसद झूठे केसों में जेल में बंद हैं, लेकिन इसके बावजजूद भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के हौंसले बुलंद हैं। आप प्रदेशाध्यक्ष डा. सुशील गुप्ता सोमवार को स्थानीय हांसी गेट स्थित संत कबीर धर्मशाला में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत भी की। उन्होंने कहा की आम आदमी पार्टी प्रत्येक जिला स्तर पर कार्यकर्ता सम्मेलन कर रही है तथा हर जिले में आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर बैठक की जा रही है। इसको लेकर ही कार्यकर्ताओं से बातचीत करने वे यहां पहुंचे।
इस मौके पर आप प्रदेशाध्यक्ष डा. सुशील गुप्ता ने कहा कि कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान सिर्फ कार्यकर्ताओं से बातचीत करने के अलावा प्रत्येक जिला स्तर पर मूलभूत सुविधाओं की कमी पर भी चर्चा की जा रही है। जिसके तहत बात यदि भिवानी की की जाए तो जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के चलते भिवानी में तो समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। यहां पर सीवरेज व पेयजल व्यवस्था पूरी तरह से ठप्प पड़ी है, जिसके चलते रोजाना कही पर ब्लॉकेज तो कही पर ओवरफ्लो की समस्या बनी रहती है। शहर के सभी मुख्य मार्गो की सडक़ें टूटी पड़ी है। यहीं नहीं और भी बहुत सी समस्यसाएं, जिनकी तरफ ध्यान देकर उन्हे प्राथमिकता के तौर पर समाधान करवाए जाने की जरूरत है।
आप प्रदेशाध्यक्ष डा. सुशील गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी का संगठन पूरे प्रदेश के हरेक गांव और वार्ड में है। इसके साथ ब्लॉक, सर्कल, विधानसभा और लोकसभा स्तर पर भी कार्यकर्ताओं की लंबी फौज है। आम आदमी पार्टी व्यवस्था परिवर्तन करने का काम करती है। फ्री शिक्षा, फ्री बिजली, बिना खर्ची और पर्ची के नौकरी देने का काम करती है। वहीं भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन प्रणाली ही आप की प्राथमिकता है। डा. गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में ना अच्छी शिक्षा है, ना अच्छी चिकित्सा है। न फ्री बिजली है और न फ्री पानी है। ना युवाओं के लिए रोजगार है। प्रदेशस सरकार ने हरियाणा के हर वर्ग को त्रस्त करने का काम किया है। इसके बावजूद भी सालाना 50 हजार करोड़ रुपए का घाटा है।
उन्होंने कहा की हरियाणा में किसान आंदोलन चल रहा है। लगभग तीन साल पहले भी किसान अपनी मांगों को लेकर सवा साल तक सडक़ों पर थे। 750 से ज्यादा किसानों की शहादत भी हो गई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने उस समय भी कहा था कि एमएसपी की गारंटी लागू करेंगे, लेकिन तीन साल बाद फिर किसान प्रधानमंत्री मोदी को उनका वादा याद दिलाना चाहते हैं। सरकार किसानों के ऊपर अत्याचार करने में लगी है। बॉर्डर सील कर दिए गए। इसको लेकर हाईकोर्ट ने भी खट्टर सरकार को फटकार लगाने का काम किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल किसानों के हक में खड़ी है। दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार ने किसानों के लिए जेल नहीं बनने दी। वहीं पंजाब के सीएम भगवंत मान का भी किसानों की मांगों को लेकर रुख साफ है। आम आदमी पार्टी किसानों के हकों के लिए उनके साथ खड़ी है। किसानों को एमएसपी गारंटी मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा में जुमले देने आते हैं और जुमले देकर चले जाते हैं। 2014 में एम्स की घोषणा के बाद नींव का पत्थर 2024 में चुनाव से पहले रखा गया है। ऐसे ही प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा में बोला था कि भारत का 65 प्रतिशत पानी पाकिस्तान में जाता है, आजतक वो पानी वापस नहीं आया है। उन्होंने कहा की केंद्र की मोदी व प्रदेश की मनोहर सरकार महज घोषणाओं की सरकार बनकर रह गई है।
इस मौके पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री अश्वनी देशवाल, संगठन मंत्री रविंद्र मटरू, लोकसभा अध्यक्ष सत्यनारायण यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष इंदु शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष यादव, कला एवं संस्कृति सैल से सरोज जांगड़ा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।