*हरियाणा विधानसभा आम चुनाव 2024,चुनाव का पर्व- प्रदेश का गर्व*
*सामान्य, खर्च व पुलिस पर्यवेक्षकों ने उम्मीदवारों व उनके प्रतिनिधियों के साथ की मीटिंग*
*सौहार्दपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न करवाने का आह्वान, सभी उम्मीदवारों को मिले लेवल प्लेइंग फील्डसुविधा एप से लें चुनाव प्रचार की अनुमति, खर्च रजिस्टर के ब्यौरे को रखें सही*
*खर्च पर्यवेक्षक तीन बार करेंगे शैडो रजिस्टर का उम्मीदवारों के खर्च रजिस्टर का मिलान*
*झज्जर, 17 सितंबर।* चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी उम्मीदवार आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करें। प्रचार अभियान व प्रचार के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले वाहनों की अनुमति संबंधित रिटर्निंग अधिकारी से प्राप्त करें। यह बात झज्जर जिला के चारों विधानसभा के लिए नियुक्त सामान्य पर्यवेक्षक आईएएस मुक्तानंद अग्रवाल व दीपक रंजन दास ने मंगलवार को लघु सचिवालय में उम्मीदवारों व उनके प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करते हुए कही।
मीटिंग की शुरुआत जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने सामान्य, खर्च व पुलिस ऑब्जर्वरों का स्वागत करते हुए की। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा की गई चुनाव तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार से संबंधित अनुमति सुविधा के माध्यम से ही प्राप्त करें। अगर अनुमति प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या आती है तो संबंधित आरओ कार्यालय में संपर्क किया किया जा सकता है। आरओ कार्यालय में सुविधा एप के संचालन के लिए एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि एफएसटी व एसएसटी टीमों द्वारा लगातार चुनाव प्रचार गतिविधियों की मॉनिटरिंग की जा रही है। सभी उम्मीदवारों व उनके प्रतिनिधियों से सौहार्दपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न करवाने का आह्वान किया।
बादली व झज्जर के सामान्य पर्यवेक्षक मुक्तानंद अग्रवाल ने कहा कि चुनाव आयोग के नियमानुसार चुनाव प्रचार गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। उन्होंने चुनाव उम्मीदवारों व प्रतिनिधियों से कहा कि चुनाव प्रक्रिया में आयोग ने जिन-जिन स्तरों पर आपकी भागीदारी तय किया गया है वहां अवश्य अपनी उपस्थिति दर्ज करें।
बेरी व बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सामान्य पर्यवेक्षक दीपक रंजन दास ने कहा कि जिला प्रशासन ने आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या एफएसटी, वीएसटी, वीवीटी आदि टीम गठित कर रखी है। चुनाव प्रचार के दौरान यह टीम पूरी तरह एक्टिव है। साथ ही बैंकों में होने वाले लेन-देन की आयकर विभाग भी मॉनिटर कर रहा है। ऐसे में सभी उम्मीदवारों को नियमों के दायरे में रहकर अपना चुनाव प्रचार करना चाहिए।
व्यय पर्यवेक्षक अजीत पाल सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा खर्च सीमा निर्धारित की गई है उसके अनुसार ही अपना चुनाव प्रचार करें। चुनाव खर्च के लिए जो बैंक खाता खुलवाया गया है उसके द्वारा ही खर्च करें। उन्होंने कहा कि चुनाव खर्च के लिए आरओ द्वारा शैडो रजिस्टर में जो एंट्री दर्ज की गई हैं व कैंडिडेट को दिए गए खर्च रजिस्टर का तीन अवसरों पर मिलान किया जाएगा। अगर चुनाव खर्च को लेकर किसी प्रकार की जानकारी प्राप्त करनी है तो कोई भी उम्मीदवार उनसे रेस्ट हाऊस में मिल सकते हैं।

*चुनाव प्रचार संबंधित मंजूरी के लिए 48 घंटे पूर्व आवेदन करें*
डीसी ने कहा कि चुनाव प्रचार से संबंधित अनुमति प्राप्त करने के लिए 48 घंटे पूर्व आवेदन करें। सभी आवेदनों पर नियमानुसार तय अवधि में मंजूरी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर राजनीतिक विज्ञापन प्रसारित करने से पूर्व एमसीएमसी कमेटी द्वारा निर्धारित अवधि में मंजूरी प्राप्त करें।
*यह अधिकारी रहे मौजूद*
इस अवसर पर एडीसी सलोनी शर्मा, डीसीपी शशांक कुमार सावन, झज्जर विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी रविन्द्र यादव, बादली विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी सतीश यादव, बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी परमजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
—————-

झज्जर स्थित लघु सचिवालय सभागार में मंगलवार को उम्मीदवारों व उनके प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करते सामान्य पर्यवेक्षक,साथ में हैं डीसी कैप्टन शक्ति सिंह।

*हरियाणा विधानसभा आम चुनाव 2024,चुनाव का पर्व- प्रदेश का गर्व*
*विधानसभा चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियों का दूसरा रेंडमाइजेशन संपन्न : जिला निर्वाचन अधिकारी*
*झज्जर जिले में 807 पोलिंग बूथ, रवानगी के समय पोलिंग पार्टियों को पता चलेगा उनका मतदान बूथ*
*झज्जर, 17 सितंबर।* हरियाणा विधानसभा आम चुनाव 2024 के चलते मंगलवार को लघु सचिवालय सभागार में डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह की अध्यक्षता में पोलिंग पार्टियों की दूसरी रेंडमाइजेशन प्रक्रिया कम्प्यूटर सॉफ्टवेयर के माध्यम से आयोजित की गई। इस दौरान चारों विधानसभा क्षेत्रों के जनरल, खर्च व पुलिस ऑब्जर्वर भी मौजूद रहे। जिले में कुल 807 पोलिंग बूथ हैं व प्रथम रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया इससे पूर्व संपन्न की गई थी।
डीसी ने बताया कि रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाती है। जिले में चुनाव की तैयारी काफी बेहतर चल रही हैं और चुनाव आयोग की तरफ से मिलने वाले दिशा-निर्देशों को तय समय में पूरा किया जा रहा है। जिला का मतगणना केंद्र राजकीय नेहरू पीजी कॉलेज झज्जर में बनाया गया है जहां तैयारियां पूरी की जा रही है। वहीं पोलिंग पार्टियों की रिहर्सल भी कालेज परिसर में होगी, जहां से चारों विधानसभा क्षेत्र नामत: बेरी,बादली,झज्जर और बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव के लिए चार अक्टूबर को पोलिंग पार्टियों को भेजा जाएगा।
इस दौरान सामान्य पर्यवेक्षक आईएएस मुक्तानंद अग्रवाल व दीपक रंजन दास, खर्च पर्यवेक्षक आईआरएस अजीत पाल सिंह व पुलिस ऑब्जर्वर आईपीएस के रमेश नायडू एडीसी सलोनी शर्मा, रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम झज्जर रविंद्र यादव, रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम बादली सतीश यादव, रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम बहादुरगढ़ परमजीत सिंह चहल, डीआईओ अमित बंसल, नायब तहसीलदार (इलेक्शन) सुरेंद्र रंगा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
——————
——————-
*अभिभावकों व पड़ोसियों को पांच अक्टूबर को मतदान के लिए प्रेरित करें : प्राचार्या*
*स्कूली छात्राओं ने स्लोगन और पोस्टर के जरिये दिया जागरूकता का संदेश*
*गांव डीघल स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्वीप अभियान के तहत विभिन्न प्रतियोगिता आयोजित*
*बेरी(झज्जर ),17 सितंबर।* निकटवर्ती गांव डीघल स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को एसडीएम रविंद्र मलिक के मार्गदर्शन और बीईओ अशोक कादयान के निर्देश अनुसार एनएसएस इकाई द्वारा स्वीप कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पोस्टर मेकिंग, स्लोगन सहित अन्य प्रतियोगिता आयोजित की गई।
स्कूल प्राचार्या भारती वर्मा ने बताया कि वोट के प्रति जागरूकता को लेकर शिक्षकों द्वारा छात्राओ को वोट के महत्व के बारे में निरन्तर जागरूक किया जा रहा है,जिससे वोट प्रतिशत को बढ़ावा मिलेगा । इस दौरान स्कूली छात्राओं को आगामी पांच अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर शत प्रतिशत मतदान करने के लिए शपथ दिलाई गई ।
उन्होंने बेटियों को लोकतंत्र के महत्व, नागरिकों के मौलिक अधिकार, वोटर कार्ड बनाने की प्रक्रिया एवं वोटर कार्ड संबंधी एप और चुनाव आयोग द्वारा जारी विभिन्न हेल्पलाइन एप व हेल्पलाइन नंबर 1950 की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं का आह्वान किया कि वे घरों में अपने अभिभावकों व पड़ोसियों को आगामी पांच अक्टूबर को मतदान केंद्रों पर जाकर वोट डालने के लिए प्रेरित करें। मतदान का दिन पर्व की तरह मनाएं और पूरे उत्साह के साथ भाग लेना चाहिए। प्रत्येक मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग अवश्य करें। मतदान करके ही हम लोकतंत्र को मजबूत बना सकते हैं।
इस दौरान छात्राओ ने मताधिकार के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक किया। छात्राओ ने अपने संदेश में कहा कि आओ मिलकर करें मतदान-भारत राष्ट्र पर करें अभिमान, आओ मिलकर अलख जगाएं-शत प्रतिशत मतदान कराएं आदि स्लोगनों के माध्यमों से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
—————–
—————–

*मतदान के लिए वोटर लिस्ट में नाम होना जरूरी : रविंद्र मलिक*
*12 वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक भी दिखाकर कर सकते हैं मतदान*
*बेरी(झज्जर )17 सितंबर।* 67 बेरी विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम रविंद्र मलिक ने कहा कि बेरी विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के लिए 5 अक्तूबर को मतदान होना है । मतदाता सूची में जिन व्यक्तियों का नाम दर्ज हैं वही मतदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मतदान के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज होना जरूरी है, ऐसे में सभी मतदाता अपने पोलिंग बूथ व मतदाता सूची में नाम चेक कर सकें। यह कार्य वह ऑनलाइन चुनाव आयोग की वेबसाइट, वोटर हेल्पलाइन एप, या फिर 1950 मोबाइल नंबर पर फोन करके हासिल कर सकते हैं।
रिटर्निंग अधिकारी ने कहा कि यदि किसी मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज है, परंतु उसके पास किसी वजह से मतदाता परिचय पत्र उपलब्ध नहीं है, तो भी वह मताधिकार का उपयोग कर सकेगा। चुनाव आयोग के नियमानुसार मतदाता परिचय पत्र के अलावा 12 वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेज दिखाकर मतदान कर सकेंगे। इसी प्रकार यदि किसी कारण से किसी नागरिक को मतदाता सूचना पर्ची प्राप्त नहीं होती है, लेकिन उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज है तो भी वह मतदान कर सकेगा।
उन्होंने कहा कि जो मतदाता वोटर आईडी कार्ड प्रस्तुत करने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें अपनी पहचान स्थापित करने के लिए 12 वैकल्पिक फोटोयुक्त पहचान दस्तावेजों में से कोई एक दिखाना होगा। 12 वैकल्पिक फोटोयुक्त पहचान दस्तावेजों में आधार कार्ड, मनरेगा जाब कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटो सहित पेंशन दस्तावेज, केंद्र, राज्य सरकार, पीएसयू, सार्वजनिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंक, डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के तहत आरजीआई द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, सांसदों, विधायकों, एमएलसी को जारी किए गए आधिकारिक पहचान पत्र और दिव्यांगजनों को जारी यूनिक डिसेबिलिटी आईडी शामिल है।
अप्रवासी भारतीय मतदाताओं (एनआरआई) को केवल पहचान के लिए अपना मूल पासपोर्ट दिखाना होगा। यदि ईपिक में किसी मतदाता के फोटोग्राफ आदि का मिलान न हो पाने के कारण मतदाता की पहचान करना संभव नहीं है, तो उस मतदाता को उपरोक्त 12 वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेजों में से कोई एक दिखाना होगा।
———————-

*स्वीप कोर कमेटी की मीटिंग में मतदान बढ़ाने को लेकर हुई चर्चा*

*एक्सपर्ट्स व औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने दिए सुझाव*

*मतदान के दिन औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत स्टाफ को मिलेगा सवेतन अवकाश*
झज्जर, 17 सितंबर।
स्वीप कार्यक्रम की जिला नोडल ऑफिसर एवं एडीसी सलोनी शर्मा की अगुवाई में लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में स्वीप कोर कमेटी की मीटिंग आयोजित हुई। मीटिंग में कोर कमेटी के सदस्यों व जिले में स्थापित औद्योगिक इकाइयों व सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया व विधानसभा चुनाव में वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने को लेकर गंभीर विचार मंथन किया गया। मीटिंग में कमेटी सदस्यों व एक्सपर्ट्स द्वारा मतदान जागरूकता को लेकर कई अहम सुझाव रखे गए।
एडीसी ने कहा कि स्वीप अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को समझना है कि लोकतंत्र में भागीदारी से लोकतंत्र मजबूत बनता है। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों से कहा कि 5 अक्टूबर के दिन सवेतन अवकाश का प्रावधान है। इस अवकाश का लाभ उन्हीं वोटरों को मिलेगा जिनका हरियाणा में वोट है। उन्होंने कहा कि जिले की सीमा से लगते दिल्ली के क्षेत्रों में भी यहां के जो वोटर निजी व सरकारी क्षेत्र में नौकरी करते हैं, उन्हें भी सवेतन अवकाश देने के निर्देश दिए गए हैं। मीटिंग में वोटर जागरूकता अभियान को ओर बेहतर व प्रभावी ढंग से चलाने के लिए काफी गंभीरता के साथ विचार विमर्श किया गया। एडीसी सलोनी शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया युवाओं में काफी लोकप्रिय है इसे देखे हुए सोशल मीडिया पर मतदाता व मतदान जागरूकता अभियान चलाते हुए युवाओं को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने वोटर जागरूकता के लिए सीएसआर गतिविधियां आयोजित करने का आह्वान किया। उद्योग अपने प्रांगण में मतदाता जागरूकता को लेकर पोस्टर, बैनर, होर्डिंग, वीडियो व ऑडियो क्लिप आदि के द्वारा जागरूकता अभियान प्रभावी ढंग से चलाए। इस मौके पर एमएसएमई की सहायक निदेशक नीलिमा, डीएफएससी आदित्य कौशिक, एआईपीआरओ मनप्रीत सिंह, राकेश अरोड़ा, प्रवीन गर्ग, महेश के अलावा विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।