*संवाद भवन में मतगणना स्टाफ सदस्यों की ट्रेनिंग संपन्न*
*- 4 जून को नेहरू कॉलेज में चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा व्यवस्था*
*- चुनाव आयोग के नियमों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें मतगणना ड्यूटी में कार्यरत स्टाफ सदस्य: डीसी*

*झज्जर, 30 मई लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

लोकसभा आम चुनाव की 4 जून को होने वाली मतगणना के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित संवाद भवन में मतगणना कार्य के लिए लगाए गए स्टाफ को ट्रेनिंग दी गई। स्वयं डीसी ने ईवीएम के जरिये मतगणना के कार्य की बारीकियां स्टाफ सदस्यों को बताई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कैप्टन शक्ति सिंह अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मतगणना ड्यूटी को लेकर चुनाव आयोग के नियम ध्यानपूर्वक अध्ययन कर लें ताकि मतगणना के वक्त किसी प्रकार के असमंजस की स्थिति ना रहे। उन्होंने कर्मचारियों को मतगणना के दिन तत्परता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि मतगणना करने वाले स्टाफ के लिए प्रथम रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है व दूसरी रेंडमाइजेशन जल्द आयोजित होगी जोकि चुनाव ऑब्जर्वर की मौजदूगी में संपन्न होगी। इसके बाद मतगणना के दिन सुबह तीसरी रेंडमाइजेशन होगी। मतगणना टीम में मतगणना ऑब्जर्वर, माइक्रो आब्जर्वर व मतगणना सहायक शामिल होंगे। काउंटिंग स्टाफ को मतगणना के दिन पता चलेगा कि कौन सी टेबल पर ड्यूटी निर्धारित हुई है। सुबह आठ बजे मतगणना का कार्य शुरु हो जाएगा। उन्होंने बताया कि झज्जर जिले में चार विधानसभा क्षेत्र हैं (बहादुरगढ़, बेरी, बादली व झज्जर)। बादली के लिए 15 टेबल लगेंगी व अन्य विधानसभा के लिए 11-11 टेबल लगाई जाएंगी। डीसी ने कहा कि मतगणना के कार्य के लिए राजकीय नेहरू पीजी कॉलेज में पूरी तैयारी की गई है। मतगणना के दिन कॉलेज में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही कॉलेज में प्रवेश की अनुमति होगी। मतगणना केंद्र के आसपास जिलाधीश द्वारा धारा 144 लगाई गई है। जिला प्रशासन द्वारा मतगणना केंद्र में इंट्री के लिए पास बनाए जाएंगे जिनके बगैर कॉलेज में इंट्री नहीं होगी। मतगणना के लिए राजनीतिक पार्टियों द्वारा जिन व्यक्तियों को एजेंट बनाया जाएगा उनका पुलिस वेरिफिकेशन कराए जाने के लिए सभी राजनीतिक पार्टियों व प्रत्याशियों को सूचना दी गई है। इसका उद्देश्य है कि किसी प्रकार की आपराधिक छवि के लोग एजेंट न बने।
इस मौके पर एडीसी सोलनी शर्मा, एसडीएम बेरी रविंद्र मलिक, एसडीएम बादली सतीश कुमार, एसडीएम बहादुरगढ़ परमजीत चहल, एसडीएम झज्जर रविंद्र यादव, इलेक्शन नायब तहसीलदार सुरेंद्र कुमार सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।