*चुनाव का पर्व-देश का गर्व*
*शराब की अवैध तस्करी व बिक्री पर रोक को लेकर पूरी चौकसी रखें अधिकारी : डीसी*
*डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश*
*झज्जर,28 अप्रैल। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि जिला में 25 मई को होने वाले 18वें लोकसभा आम चुनाव को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सजग एवं सतर्क है। झज्जर जिला दिल्ली बॉर्डर के साथ लगने के कारण संबंधित अधिकारी जिला में शराब की अवैध तस्करी व बिक्री पर रोक को लेकर पारखी नजर रखते हुए अतिरिक्त चौकसी बरतें।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह शनिवार को मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद की वीसी उपरांत संबंधित अधिकारियों बैठक में जरूरी निर्देश दे रहे थे। इस अवसर पर डीसीपी डा अर्पित जैन भी उपस्थित रहे।
डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन आदर्श चुनाव आचार संहिता की दृढ़ता से पालन सुनिश्चित करने की दिशा में भी प्रभावी कदम उठा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि शराब की अवैध सप्लाई व बिक्री रोकने लिए नाके लगाकर विशेष चेकिंग की जाए।
– *जिलाभर में एसएसटी व एफएसटी टीमें कर रही निगरानी*
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शराब वैंडर नियमों की पूर्ण रूप से पालन करें। जिला में अवैध शराब की बिक्री व तस्करी पर रोक के लिए एसएसटी टीमों द्वारा निगरानी करते हुए गश्त बढ़ाई जाए। आबकारी विभाग के अधिकारी जिला प्रशासन व पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखें ताकि जिला में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाई जा सके। आबकारी अधिकारी शराब के ठेकों आदि की पूरी जानकारी पुलिस विभाग को उपलब्ध कराएं।
*कंट्रोल रूम में दे सकते हैं अवैध* शराब की सप्लाई, बिक्री की सूचना
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आबकारी एवं कराधान विभाग हरियाणा की ओर से लोकसभा आम चुनाव, 2024 के दौरान शराब की अवैध आवाजाही के सम्बन्ध में शिकायतों के लिए नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि आमजन लोकसभा आम चुनाव, 2024 के दौरान आचार संहिता के संचालन के दौरान हरियाणा राज्य में शराब की अवैध आवाजाही, बिक्री से सम्बन्धित शिकायतें देने व प्राप्त करने के लिए आबकारी एवं कराधान विभाग, हरियाणा द्वारा प्रधान कार्यालय, पंचकूला में स्थापित राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष में दे सकते हैं। शिकायतें / सूचना नियंत्रण कक्ष के टेलीफोन नंबर 18001022012 (टोल फ्री) 0172-4112222 पर दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा जिला स्तर पर स्थापित नियंत्रण कक्ष 01251-295092 और 01276-298200 पर कोई भी व्यक्ति शराब की किसी भी अवैध आवाजाही / बिक्री व हरियाणा राज्य में अवैध शराब की आवाजाही व बिक्री के सम्बन्ध में अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है या सूचना दे सकता है।
– *अवैध रूप से शराब की बिक्री करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : डीसीपी*
डीसीपी डा अर्पित जैन ने कहा कि लोकसभा आम चुनाव के मद्देनजर जिला में अवैध रूप से शराब की सप्लाई व बिक्री में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस विभाग की ओर से सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संदिग्ध लोगों व स्थानों पर पुलिस प्रशासन की ओर से कड़ी नजर रखते हुए जिला में अवैध शराब की सप्लाई को रोकने में सजगता रखनी है। पुलिस प्रशासन सहित आबकारी विभाग द्वारा शराब के वैध वेंडर व उनके स्टॉक आदि की निरंतर चेकिंग की जाए। अवैध शराब की बिक्री जैसी गतिविधियों पर पुलिस प्रशासन द्वारा कड़ी नजर रखी जा रही है।
*यह अधिकारी रहे मौजूद*
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नगराधीश शीतल रानी,डीईटीसी इतेंद्र तक्षक व हितेंद्र कुमार,उप तहसीलदार निर्वाचन सुरेंद्र कुमार के अलावा अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।