वोटर लिस्ट में नाम लिखवाएं-वोटर कार्ड सभी बनवाएं…
स्वीप अभियान के अंतर्गत आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर भागीदारी कर रही महिलाएं*
सूचना एवं जनसंपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिलाभर में चलाया जा रहा मतदाता जागरूकता अभियान*
– झज्जर जिला में आगामी 25 मई तक जारी रहेंगी स्वीप गतिविधियां
झज्जर, 23 अप्रैल। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
लोकसभा आम चुनाव 2024 में शत प्रतिशत मतदान को लेकर डीसी कैप्टन शक्ति ङ्क्षसह के मार्गदर्शन में स्वीप गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सूचना एवं जनसंपर्क, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों द्वारा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन जारी है। स्वीप गतिविधियों के लिए एडीसी सलोनी शर्मा बतौर नोडल अधिकारी कार्य करते हुए गतिविधियों के सफल आयोजन की मॉनिटरिंग कर रही हैं।
मंगलवार को महिला एवं बाल विकास,शिक्षा और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की टीमों द्वारा झज्जर, बेरी,बहादुरगढ़, बादली विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की स्वीप गतिविधियां आयोजित कर मतदाताओं को 25 मई को लोकसभा आम चुनाव के दिन बढ़चढ़कर मतदान करने के लिए जागरूक व प्रेरित किया गया।
उल्लेखनीय है कि स्वीप गतिविधियों के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की प्रचार टीम द्वारा गांव-गांव जाकर ग्रामीण मतदाताओं को लोकगीतों, भजनों व आम बोलचाल की भाषा में 25 मई को मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डालने के लिए प्रेरित व जागरूक किया गया। इसके अलावा स्वीप गतिविधियों के तहत विभिन्न विभागों की ओर से डोर-टू-डोर संपर्क करते हुए, मुनादी करवाकर, मतदाता जागरूकता शपथ दिलाकर, व्याख्यान, हस्ताक्षर अभियान, मानव श्रृंखला, रंगोली, नुक्कड़ नाटक व लोकगीतों के माध्यम से शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है।
सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग की प्रचार टीम के कलाकार चुनाव का पर्व-देश का गर्व थीम के साथ 25 मई को होने वाले 18वें लोकसभा आम चुनाव के मद्देनजर ‘एक वोट से होती जीत-हार, वोट न हो कोई बेकार…’ व ‘वोटर लिस्ट में नाम लिखवाएं-वोटर कार्ड सभी बनवाएं…‘ जैसे जागरूकता स्लोगन के अलावा ‘लोकतंत्र का नाम करो, सब मिलकर मतदान करो, सब लोगों से यही पुकार, डालो मत चुनो सरकार…’ जैसे जागरूकता गीतों व भजनों के माध्यम से स्वीप (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी) गतिविधियों के माध्यम से जिला के मतदाताओं को जागरूक व प्रेरित कर रहे हैं।
*जिला में मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर प्रशासन का पूरा फोकस : डीसी
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन की ओर से लोकसभा आम चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए रोहतक लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेरी,बादली, बहादुरगढ़ और झज्जर विधानसभा क्षेत्रों में स्वीप (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी) गतिविधियां प्रभावी रूप से जारी हैं। 18वें लोकसभा आम चुनाव में पिछले चुनाव की अपेक्षा मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय और जिला प्रशासन सहित अन्य विभागों द्वारा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न प्रकार की गतिविधियां निरंतर आयोजित की जा रही हैं। मतदाताओं को जागरूक व प्रेरित करने के लिए बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दे रहे हैं।
जिला प्रशासन का जिलाभर में मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर पूरा फोकस है, जिसके लिए विभिन्न माध्यमों से मतदाताओं को लोकतंत्र के महापर्व में बढ़ चढ़कर भागीदारी करने के लिए जिला में स्वीप गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।