मोबाइल फोन व नगदी छिनने के मामले में दो आरोपी काबू, आरोपियों से छीना गया मोबाइल फोन व नगदी बरामद.       

झज्जर  11 जून लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

थाना सदर झज्जर के एरिया से मोबाइल फोन व नगदी छिनने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रबंधक सदर झज्जर निरीक्षक कृष्णकांत ने बताया कि देवेंद्र निवासी रेढूवास जिला झज्जर ने शिकायत देते हुए बताया कि दिनांक 10 जून 2024 की रात को गांव से अंतिल भट्ठा गिरावड़ अपनी मोटरसाइकिल पर जा रहा था। जब मैं रईया पेट्रोल पंप पर पहुंचा तो एक मोटरसाइकिल पर दो युवक झज्जर की तरफ से आए और मेरी मोटरसाइकिल रुकवाकर मेरा मोबाइल फोन व दो हजार रुपए छीन कर हसनपुर की तरफ भाग गए। जिस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ थाना सदर झज्जर में आपराधिक मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस उपायुक्त झज्जर डॉक्टर अर्पित जैन ने मामले की छानबीन करने तथा आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के संबंध में कड़े दिशा निर्देश दिए गए थे। पुलिस उपायुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों की पालना करते हुए थाना में तैनात उप निरीक्षक योमेंश की पुलिस टीम ने उपरोक्त मामले में गहनता से कार्रवाई करते हुए बेरी गेट झज्जर के नजदीक से उपरोक्त मामले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पूछताछ में पहचान मंजीत निवासी शिव कॉलोनी झज्जर व पुनीत निवासी समसपुर माजरा जिला झज्जर के तौर पर की गई। पकड़े गए आरोपियों से वारदात में प्रयोग की गई मोटरसाइकिल, छीना गया मोबाइल फोन व दो हजार रुपये बरामद किए गए। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अदालत झज्जर में पेश किया गया। माननीय अदालत के आदेश अनुसार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।