*मताधिकार के उपयोग के लिए मतदाता सूची में नाम होना जरूरी : एसडीएम*
*- लघु सचिवालय स्थित एसडीएम कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित*
*झज्जर, 27 फरवरी।* लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
भारतीय चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। झज्जर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची सीईओ हरियाणा और ईसीआई की वेबसाइट पर उपलब्ध है। मताधिकार का उपयोग करने के लिए मतदाता सूची में नाम होना अनिवार्य है। एसडीएम एवं 66 झज्जर विधानसभा क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग अधिकारी राकेश सैनी ने मंगलवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि अगर किसी नागरिक ने अपना नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं करवाया है तो वह ऑनलाइन फार्म छह भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवा सकता है। अगर मतदाता सूची में नाम गलत है या अन्य गलती है तो फार्म आठ भरना होगा और किसी मतदाता का देहांत होने के कारण अथवा स्थानांतरण के कारण मतदाता सूची से नाम हटवाना है तो उसका नाम फार्म सात भरकर कटवाया जा सकता है। इसके लिए ऑनलाइन सुविधा मौजूद है। उन्होंने बताया कि वोटर डॉट इसीआईडॉट जीओवीडॉट इन वेबसाइट पर या वोटर हेल्पलाइन एप अपने स्मार्ट मोबाइल में डाउनलोड कर मतदाता सूची में नाम शामिल, शुद्धिकरण और वोट हटवा सकते हैं।
झज्जर विस क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन से पहले मतदाता पुनरीक्षण कार्य किया गया था। इसके लिए बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। राजनीतिक पार्टियों को जागरूकता अभियान में भागीदार बनाया गया। उन्होंने कहा कि अगर अभी भी किसी नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है तो उक्त नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवा सकता है। उन्होंने बताया कि फिलहाल झज्जर विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 87 हजार 562 मतदाता हैं। इनमें 98 हजार 254 पुरूष और 89 हजार 307 और एक थर्ड जेंडर शामिल हैं और झज्जर विस क्षेत्र में कुल 188 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
इस अवसर पर चुनाव कानूनगो सुनील डांगी,कांग्रेस से एडवोकेट विकास अहलावत, बीएसपी से सत्यप्रकाश दोचानिया तथा आईएनएलडी से पवन धनखड़ ,सहित वोट प्रक्रिया से जुड़ेे अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।