*मतगणना ड्यूटी स्टाफ की प्रथम रेंडमाइजेशन प्रक्रिया संपन्न, 30 मई को होगी ट्रेनिंग*
फोटो – एआरओ की मौजूदगी में जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह प्रथम रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूरी करवाते हुए।
झज्जर, 28 मई लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन ने मतगणना को लेकर तैयारी शुरु कर दी है। मंगलवार को जिले के सभी एआरओ व अन्य संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में मतगणना में कार्यरत कर्मचारियों व अधिकारियों की प्रथम रेंडमाइजेशन का कार्य संपन्न हुआ। नियमानुसार रैंडमाइजेशन का कार्य पूरा करवाते हुए लिस्ट को लॉक कर दिया गया।
लोकसभा चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद राजकीय नेहरू पीजी कॉलेज में ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों को स्ट्रांग रूम में रखा गया है। 4 जून को मतगणना का कार्य संपन्न होगा। मतगणना के लिए जिन अधिकारियों को ड्यूटी लगाई गई है उनका चुनाव आयोग के निर्देशानुसार मंगलवार को प्रथम रेंडमाइजेशन का कार्य किया गया है। अभी दो रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया और होंगी। पहली रैंडमाइजेशन पूल के अनुसार हुई है व दूसरी विधानसभा के अनुसार होगी व आखिरी रैंडमाइजेशन टेबल के अनुसार की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा अनुसार 15 टेबल लगाई जाएंगी। सुबह ठीक आठ बजे मतगणना का कार्य शुरू हो जाएगा।
30 मई को होगी ट्रेनिंग
मतगणना के कार्य के लिए जिन अधिकारियों को ड्यूटी लगाई गई है उनकी 30 मई को ट्रेनिंग करवाई जाएगी। सहायक रिटर्निंग अधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहेंगे व विस्तार पूर्वक अधिकारियों को ट्रेनिंग दी जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना प्रक्रिया सुगम तरीके से संपन्न करवाने के लिए पूरी व्यवस्था की गई है।