गांव चलो अभियान से भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बूथों पर रखी जीत की नींव

एक ही दिन में 19813 बूथों पर लाखों लोगों से किया संवाद

– प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ज्योतिसर के बूथ 30 और संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा कलानौर के बूथ 156 पर रहे

’मंत्रियों, विधायकों व पदाधिकारियों ने बूथों पर किया प्रवास, गिनवाई मोदी-मनोहर सरकार की उपलब्धियां

चंडीगढ़, 9 फरवरी।लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

‘‘गांव चलो अभियान’’ के तहत भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बूथों पर लोकसभा चुनाव जीतने की नींव रखी। शुक्रवार को कार्यकर्ता 24 घंटों के प्रवास के लिए प्रदेश के 19 हजार 813 पर बूथों पर पहुंचे और प्रदेश भर में एक ही दिन में लाखों लोगों से सीधा संवाद किया गया। प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कुरूक्षेत्र के ज्योतिसर मंडल के बूथ नंबर 30 पर 24 घंटे बिताए, तो संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा कलानौर विधानसभा के सुनारिया मंडल के गांव खैरावड बूथ नंबर 156 पर रहे। ऐसे ही मंत्री, सांसद व विधायक, भाजपा के तीनों प्रदेश महामंत्री सहित 19813 नेता और कार्यकर्ता प्रवासी कार्यकर्ता के रूप में एक एक बूथों पर पहुंचे और लोगों को मोदी-मनोहर सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का भाग्य उदय हो रहा है, तीसरी बार नरेंद्र मोदी का प्रधानमंत्री बनना क्यों जरूरी है इसको लेकर भी लोगों से बातचीत की गई।
भाजपा हर बूथ को मजबूत बनाकर लोकसभा की सभी 10 सीटें जीतना का लक्ष्य बना चुकी है। भाजपा का टारगेट प्रत्येक बूथ पर 51 प्रतिशत से ज्यादा मत हासिल करना है। इसी उद्देश्य को लेकर आज भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांवों व वार्डों में घर-घर जाकर, प्रबुद्ध लोगों से बैठकें कर बातचीत की। इस दौरान यह भी बताया गया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संचालित जनहितैषी योजनाओं से गरीबों के सपने सच हो रहे हैं। आज जन-जन के मन से एक ही आवाज निकलती है कि प्रधानमंत्री मोदी जी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी है।
गांव चलो अभियान के तहत आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी थानेसर विधानसभा, खाना मुंडाहेड़ा के बूथ नंबर 30 पर पहुंचे। इसी तरह केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य डा. सुधा यादव गुरुग्राम के सेक्टर-9, कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर जगाधरी विधानसभा के बूथ नंबर 175, राज्यमंत्री कमलेश ढांढा ने जिला कैथल के बूथ नंबर 103, प्रदेश संगठनमंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा कलानौर विधानसभा के सुनारिया मंडल के गांव खैरावड बूथ नंबर 156 बूथ पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं तथा लोगों के साथ मोदी-मनोहर सरकार की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी।
थानेसर विधानसभा में बूथ नंबर 30 पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने दीवार लेखन भी किया और संदेश दिया कि एक बार फिर से मोदी सरकार एतिहासिक जीत के साथ बनने वाली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण, युवा उत्थान, महिला सशक्तिकरण, किसानों का विकास और उत्थान के साथ-साथ देश की सुरक्षा एवं सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य इन 10 वर्षों में हुआ है। इन्हीं सभी उपलब्धियों को लेकर भाजपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता आज गांवों में प्रवास के लिए पहुंचे हैं।
नायब सैनी ने कहा कि भाजपा जो कहती है उसे पूरा भी करती है। भाजपा ने मत प्रतिशत बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। हर बूथों पर 51 प्रतिशत से अधिक वोट बढ़ाना हमारा लक्ष्य है और हम इस ओर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनाने के लिए सभी वर्ग के लोगों में उत्साह है। श्री सैनी ने कहा कि जो काम मोदी-मनोहर सरकार ने 10 वर्षों में करके दिखाया है उतना काम कांग्रेस लगभग 65 साल के शासनकाल में नहीं कर पाई। मोदी के शासनकाल में महिलाओं का जीवन सरल बना है। दूर-दूर से सिर पर मटका रखकर पानी लाने से मुक्ति मिली है। आज हर घर में नल से जल पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब महिलाओं को फ्री गैस सिलेंडर देकर मोदी सरकार ने धुआं से मुक्ति दिलाई है।
श्री सैनी ने कहा कि मोदी-मनोहर सरकार किसानों की सच्ची हितैषी और ध्यान रखने वाली सरकार है। इन दस वर्षों में किसानों के हितों के लिए अनेकों योजनाएं बनी हैं जिनसे किसान लगातार समृद्ध होते जा रहे हैं। गरीब किसानों के खातों में हर साल 6 हजार रुपये आ रहे हैं। महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए श्री सैनी ने कहा कि मोदी सरकार ने 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सोच है कि देश और प्रदेश का हर नागरिक आत्मनिर्भर बनें ताकि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बन सकें।
नायब सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा में व्यवस्था परिवर्तन करने का काम किया है। परिवार पहचान पत्र के जरिए सरकार की सुविधाएं लोगों तक अपने आप पहुंच रही है। सुशासन, पारदर्शिता और ईमानदारी की मुख्यमंत्री मनोहर लाल मिसाल कायम की है। आज हरियाणा का युवाओं की रूचि पढ़ने में बढ़ी है। युवाओं को मालूम है कि बिना पर्ची और खर्ची के नौकरियां मनोहर सरकार में ही मिल सकती है। इस मौके पर विधायक सुभाष सुधा, जिलाध्यक्ष रवि बतान, राम मेहर, देवी दयाल शर्मा, जिला मीडिया प्रमुख शैलेश वत्स, सह मीडिया प्रमुख दिवाकर, मंडल अध्यक्ष रमेश सैनी, सरपंच प्रतिनिधि प्रवीण कुमार आदि उपस्थित थे।

ईडी की जांच से डर कर भाग रहे हैं अरविंद केजरीवाल रू नायब सैनी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ईडी की जांच से डर कर भाग रहे हैं। ईडी के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए श्री सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं के भ्रष्टाचार किया है तो परिणाम भी भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अगर कट्टर ईमानदार है तो उन्हें ईडी की जांच का सामना करना चाहिए ना कि डर कर भाग जाए। श्री सैनी ने कहा कि जनता जानती है कि आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार में भ्रष्टाचार हुआ है और अरविंद केजरी बचने की नौटंकी कर रहे हैं। एक पूछे गए सवाल पर बोलते हुए श्री सैनी ने कहा कि मोदी मनोहर सरकार में स्वास्थ्य पर काफी काम हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 फरवरी को प्रदेश को एम्स की सौगात देंगे।