भीमेश्वरी देवी मेले में हर रोज अपनों से मिला रहा खोया-पाया केन्द्र  – – –  – – –

श्रद्धालुओं के लिए मेला संबंधी जानकारी में मददगार साबित हो रहा 9991807835 हेल्प लाइन नंबर
बेरी(झज्जर ),15 अप्रैल। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

धर्मनगरी बेरी में प्रथम नवरात्र से चल रहे माता भीमेश्वरी देवी मेला में किसी कारण अपनों से बिछुड़े श्रद्धालुओं को परिजनों से मिलाने में मंदिर परिसर में प्रशासन और सूचना,जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा स्थापित खोया- पाया केंद्र सक्रिय भूमिका निभा रहा है। मेला में हर रोज़ भीड़ के चलते किसी कारणवश अपने सगे संबंधियों और साथियों से अलग होने के कारण खोया पाया केंद्र में शिकायत दर्ज होते ही पुलिस द्वारा खोजकर केंद्र के माध्यम से तुरंत परिजनों को सौंपा जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन द्वारा हेल्प लाइन नम्बर 9991807835 जारी किया गया है, जिस पर खोया पाया संबंधी जानकारी सांझा करने के अलावा मेला में देवी दर्शन,मुंडन संस्कार, गठजोड़े की जात लगवाने,मंदिर खुलने का समय,मंदिर तक पहुचने का रास्ता के अलावा अन्य जानकारी श्रद्धालु जुटा रहे हैं। मेला में खोया पाया केंद्र के साथ ही पुलिस का गजब क्विक रेस्पॉन्स दिखाई दे रहा है। यहां पर तैनात पुलिस कर्मी न केवल सुरक्षा व्यवस्था को संभाले हुए हैं, बलिक मेले में अपनों से बिछुड़ने वालों को भी चंद मिनटों में ढूंढकर मिलाने का काम कर रहे हैं। हेल्प लाइन पर गुमशुदगी की शिकायत आते ही पुलिस द्वारा बच्चों को ढूंढकर तुरन्त खोया पाया केंद्र में लाकर परिजनों को सौंपा जा रहा है।मेले की व्यवस्था संभाल रहे एसडीएम रविंद्र मलिक ने बताया कि इस हेल्पलाइन नंबर के अलावा अगर किसी का बच्चा या अन्य समान गुम होता है पाया जाता है, तो उसकी सूचना नियंत्रण कक्ष में दी जक सकती है।
मेले में आए फुटफॉल की बात की जाए तो अब तक लगभग असंख्य श्रद्धालु मेले में माता भीमेश्वरी देवी के दर्शनार्थ आ चुके हैं।
इस दौरान मेला परिसर में स्थापित खोया पाया केंद्रों पर अनेक लोगों ने सहायता की गुहार लगाई। पुलिस द्वारा सेवा, सुरक्षा और सहयोग की टैग लाइन को चरितार्थ करते हुए चंद मिनटों में ही श्रद्धालुओं की समस्या का त्वरित गति से समाधान किया जा रहा है।
*खोया पाया केंद्र में अब तक आईं 35 से ज्यादा शिकायतें*
मेला परिसर में स्थापित किए गए खोया पाया केंद्र में नौ अप्रैल से अब तक 35 से ज्यादा नागरिकों ने बच्चों की परिजनों से बिछुड़ जाने संबंधी अपनी समस्याएं दर्ज कराई, जिसे पुलिस की कम्युनिकेशन टीम के सदस्यों ने तुरंत सूचना के आदान- प्रदान से मामलों का जल्द समाधान किया। कुल मिलाकर यही कहा जाएगा कि मेला में आने वाले माता के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को खुद का ध्यान रखना जरूरी है,मगर फिर भी खोया पाया केंद्र के जरिये पुलिस टीम द्वारा नागरिकों की समस्या का अतिशीघ्र समाधान किया जा रहा है।

फ़ोटो। बेरी सिथत माता भीमेश्वरी देवी मंदिर परिसर में स्थापित खोया -पाया केंद्र में अपनों से बिछुड़े बच्चे को ढूंढकर परिजनों को सौंपती पुलिस।