कांग्रेस सरकार बनने पर प्राथमिकता के साथ अपराध और अपराधियों का होगा सफाया– दीपेन्द्र हुड्डा
• बेरोजगारी का संकट कम करने के लिए कांग्रेस सरकार आने पर केंद्र में खाली पड़े 30 लाख सरकारी पद कैलेंडर के अनुसार भरेंगे – दीपेन्द्र हुड्डा

• पढ़े-लिखे युवाओं की पहली नौकरी पक्की होगी, 1 लाख रुपए की अप्रेंटिसशिप का अधिकार देंगे – दीपेन्द्र हुड्डा
• कांग्रेस सरकार बनने पर महालक्ष्मी योजना के तहत हर गरीब परिवार की एक महिला को साल में 1 लाख रुपये देंगे – दीपेन्द्र हुड्डा
बहादुरगढ़, 12 मई लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने आज बहादुरगढ़ के गाँव लडरावन, कुलासी, कनोन्दा, खैरपुर, मुकुंदपुर, बामनोली, बराही, साँखोल, वार्ड नंबर 31, वार्ड नंबर 20, वार्ड नंबर 21, वार्ड नंबर 7, परनाला, छोटू राम नगर, वार्ड नंबर 18, वार्ड नंबर 17,वार्ड नंबर 27,वार्ड नंबर 30, ओमैक्स सिटी आदि इलाकों में चुनाव सघन प्रचार किया और कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की। इस दौरान वे जहां जाते लोगों का भारी हुजूम उन्हें सुनने के लिए उमड़ पड़ता। सुबह से लेकर देर रात तक गाँव और शहरी इलाकों में जगह-जगह उनका जोरदार स्वागत कर जनता ने अपना स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद दिया। लोगों से मिल रहे समर्थन व स्वागत से अभिभूत दीपेन्द्र हुड्डा ने विश्वास दिलाया कि ये आशीर्वाद खाली नहीं जायेगा और वाया दिल्ली चंडीगढ़ में सरकार बनायेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बढ़ते अपराध और नशे का सबसे बड़ा कारण बेरोजगारी है। बड़े-बड़े गैंग, माफिया, अंडर एज शूटर पैदा हो गए हैं। आये दिन हो रही फायरिंग, फिरौती, हत्या, लूट जैसी संगीन घटनाओं से साबित होता है कि हरियाणा अपराधियों की शरणस्थली बन गया है और आम जनता डर के माहौल में जीने को मजबूर है। पूरे प्रदेश में लगातार व्यापारियों, प्रदेश के कई विधायकों तक को धमकियां मिल चुकी हैं। दिनदाहाड़े फायरिंग, हत्या के मामले आम हो गए हैं। जिस प्रदेश का मुख्यमंत्री ये कहता हो कि उनकी सरकार हर व्यक्ति को सुरक्षा नहीं दे सकती वहां अपराध को कैसे रोका जा सकता है। लचर कानून व्यवस्था के लिए मौजूदा बीजेपी सरकार जिम्मेदार है। इस दौरान विधायक राजेन्द्र जून, राजस्थान की कांग्रेस विधायक डॉ. शिखा मील बराला मौजूद रहीं।
उन्होंने आगे कहा कि 2004 के पहले चौटाला सरकार में अपराधी जेलों से फिरौती मांगते थे वहीँ आज बीजेपी राज में अपराधी जेलों से ही नहीं, विदेशों से बैठ कर भी फिरौती मांग रहे हैं। बीजेपी सरकार की नाकामी के चलते हरियाणा में 2004 के पहले चौटाला सरकार वाला जंगलराज लौट आया है। उन्होंने कहा कि 2004 से 2014 तक कांग्रेस की हुड्डा सरकार ने प्रदेश में अपराधियों को खुली चेतावनी देकर यहाँ से अपराध व अपराधियों का सफाया कर दिया था। यही कारण है कि कांग्रेस की हुड्डा सरकार के समय तेजी से विकास हुआ, उद्योग लगे लेकिन अब कांग्रेस कार्यकाल के द्वारा दौरान स्थापित हुए उद्योग भी यहां से पलायन करने लगे और बेरोजगारी नये-नये रिकार्ड बनाने लगी। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस सरकार बनने पर प्राथमिकता के साथ अपराध और बेरोजगारी पर नकेल कसी जाएगी। प्रदेश को अपराध मुक्त करके निवेश का माहौल बनाया जाएगा ताकि युवा पीढ़ी को रोजगार मिले और प्रदेश में सुरक्षित माहौल में विकास हो।
दीपेन्द्र हुड्डा ने जनता के सामने अपने कामों का रिपोर्ट कार्ड रखते हुए कहा कि हम अपने काम के आधार पर जनता के बीच जाकर वोट मांग रहे हैं। जबकि बीजेपी नेता खोखले नारों और झूठे वादों पर जनता को बरगलाने में जुटी है। लेकिन अब लोग बीजेपी के झांसे में नहीं आने वाले। यही कारण है कि आज प्रदेश की बीजेपी सरकार अल्पमत में है। चुनाव में हार को सामने देखकर भाजपा ने चुनाव के ठीक पहले हरियाणा में सरकार का चेहरा बदल दिया। दीपेन्द्र हुड्डा ने कांग्रेस के न्याय पत्र की गारंटियों को बताते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर महालक्ष्मी योजना के तहत हर गरीब परिवार की एक महिला को साल में 1 लाख रुपये देंगे। फौज की अग्निपथ योजना खत्म करेंगे और पहले की तरह पक्की भर्ती शुरु करेंगे। पहले से भर्ती अग्निवीरों को पक्का करायेंगे। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी का संकट कम करने के लिए कांग्रेस सरकार बनने पर केंद्र में खाली पड़े 30 लाख सरकारी पद भर्ती भरोसा के तहत समयबद्ध तरीके से कैलेंडर के अनुसार भरेंगे तो हरियाणा में 2 लाख से ज्यादा युवाओं को खाली पड़े सरकारी पदों पर समयबद्ध पक्की भर्ती करेंगे। इसके अलावा पढ़े-लिखे युवाओं की पहली नौकरी पक्की होगी, हर शिक्षित युवा को 1 लाख रुपए की अप्रेंटिसशिप का अधिकार देंगे। पेपर लीक रोकने के लिए नये कानून और नीतियां बनाएंगे। युवाओं के लिए 5,000 करोड़ रुपए का नया स्टार्टअप फंड और गिग-वर्कर के लिए बेहतर काम-काजी नियम और संपूर्ण सामाजिक सुरक्षा प्रदान करेंगे। किसानों को एमएसपी की गारंटी और कर्ज से मुक्ति दी जाएगी। प्रदेश में कांग्रेस सरकार आने पर बुजुर्गों को ₹6000 बुढ़ापा पेंशन मिलेगी, 300 युनिट मुफ्त बिजली, कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम और गृहणियों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देंगे।
उन्होंने अपने कार्यकाल में कराए गए काम गिनाते हुए बताया कि बहादुरगढ़, झज्जर, बादली, छारा, महम, कोसली, रोहतक, कलानौर, सांपला समेत 17 शहरों में बाईपास बनवाये और छुछकवास, मातन, सुबाना और बेरी का बाईपास एनसीआर प्लानिंग बोर्ड से मंजूर कराया था। लेकिन 10 साल में बीजेपी सरकार 4 मंजूरशुदा बाईपास भी नहीं बनवा पायी। दीपेन्द्र हुड्डा ने आगे कहा कि कांग्रेस सरकार के समय पूरे लोकसभा क्षेत्र में 3 औद्योगिक क्षेत्र लगाए, अनेक बड़े उद्योग यहाँ स्थापित कराए। बहादुरगढ़ तक मेट्रो बनवाई, लेकिन पिछले 10 साल में साखौल गांव में उनके द्वारा बनवाया गया मेट्रो का आखिरी खंबा वहीं का वहीं खड़ा है एक इंच भी आगे नहीं बढ़ा। दिल्ली-बहादुरगढ़-रोहतक-हिसार RRTS प्रस्तावित किया, लेकिन ये काम भी ठप पड़ा है। जसौर खेड़ी में अंतर्राष्ट्रीय नाभिकीय विश्वविद्यालय (GCNEP) मंजूर कराकर निर्माण कराया। दिल्ली-बहादुरगढ़-रोहतक MEMU रेल सेवा शुरू करवाई, दिल्ली-सराय रोहिल्ला-बहादुरगढ़ रेलवे लाइन का विद्युतीकरण कराया। दिल्ली-बहादुरगढ़ NH-10 को 6-लेन, 3 सड़कों की 4-लेनिंग कारवाई, बहादुरगढ़ और असौधा में ITI का निर्माण, बहादुरगढ़ में कन्या महाविद्यालय का निर्माण एवं विस्तार, PMGSY के तहत अनेक नयी ग्रामीण सड़कों का निर्माण कराया, बहादुरगढ़ शहर में मुनगेशपुर ड्रेन पर सड़क परियोजना को मंजूर करवाया, बहादुरगढ़ में रेलवे की खाली पड़ी जमीन पर बेहतरीन पार्क का निर्माण कराया और लोगों की मांग पर रिहायशी इलाकों से सरकारी खर्च पर हाईटेंशन (HT) लाइन हटवाई, बहादुरगढ़ में राज्य स्तरीय खेल स्टेडियम बनवाया। बीजेपी सरकार के पास बताने के लिए अपना एक नया काम नहीं है।