*बीएलओ डोर टू डोर फोटो युक्त मतदाता सूची के सत्यापन का कार्य जल्द पूरा करें : डीसी*
*- सत्यापन के कार्य में लापरवाही करने वाले बीएलओ के खिलाफ होगा एक्शन: डीसी*
*- कम मतदान वाले पोलिंग स्टेशनों की सूची बनाकर मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए योजना तैयार*
*- मुख्य चुनाव आयुक्त ने वीसी के जरिये ली अधिकारियों की बैठक, मतदाता सूची के सत्यापन का कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए
*झज्जर, 30 जून। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने रविवार शाम लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि फोटोयुक्त मतदाता सूची के सत्यापन का कार्य सभी बीएलओ के द्वारा जल्द से जल्द पूरा करवाया जाए। एक जुलाई 2024 को अर्हता तिथि मानते हुए जिन व्यक्तियों की उम्र 18 वर्ष से अधिक हो चुकी है, उनके वोट बनवाना तथा जिन वोटरों की मृत्यु हो चुकी है, उनके नाम वोटर लिस्ट से नियमानुसार हटाए जाना सुनिश्चित करें। इस कार्य में जो बीएलओ लापरवाही करता है या समय से काम पूरा नहीं करेगा उनके खिलाफ एक्शन लेने के एसडीएम को निर्देश दिए।
इससे पूर्व मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक को संबोधित करते हुए मतदाता सूची के सत्यापन, पोलिंग स्टेशनों को सुव्यवस्थित करने, 18 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों के वोट बनवाने व कम वोटर टर्नआउट वाले पोलिंग स्टेशनों के लिए विशेष योजना तैयार करने के विषय में दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक के उपरांत डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा ‘फोटोयुक्त मतदाता सूची का द्वितीय विशेष संक्षिप्त संशोधन’ का कार्यक्रम जारी किया गया है। जिला में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन कार्य शुरू कर दिया गया है।
डीसी ने कहा कि पुनरीक्षण से पहले चलाए जा रहे अभियान के दौरान मतदान केंद्रों का भी सुव्यवस्थित किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों की स्थिति को देखते हुए उन्हें सुव्यवस्थित किया जाए ताकि अधिक से अधिक मतदाताओं की पोलिंग स्टेशन तक आसानी से पहुंच सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा उन्होंने कहा कि ऐसे मतदान केंद्रों की सूची तैयार की जाए जहां मतदाताओं की संख्या 1500 से अधिक होने की संभावना है, ताकि समय रहते वैकल्पिक मतदान केंद्र की व्यवस्था करने की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
डीसी ने कहा कि सभी ईआरओ इस मतदाता सूची के सत्यापन के कार्य की गंभीरता के साथ मॉनिटरिंग करें व रेंडम तरीके से बीएलओ के कार्य को चेक करें। अगर बीएलओ के स्तर पर किसी प्रकार की लापरवाही मिलती है तो तुरंत एक्शन लें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन मतदाता सूची के सत्यापन के कार्य को पूरी गंभीरता के साथ करवा रहा है। उन्होंने बताया कि नियंत्रण तालिका का अद्यतनीकरण, प्रारूप 1 से 8 की तैयारी सहित 1 जुलाई 2024 को आधार तिथि मानकर एकीकृत ड्राफ्ट रोल की तैयारी की जाएगी।
इस अवसर पर एडीसी सलोनी शर्मा, एसडीएम बादली सतीश यादव, एसडीएम बहादुरगढ़ परमजीत चहल, एसडीएम बेरी रविंद्र मलिक, डीएमसी परवेश कादयान, चुनाव कानूनगो सुनील डांगी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
—————-