*आई.पी. कालेज में स्वीप के अंतर्गत छात्राओं ने वोट के प्रति जागरूकता की ली शपथ*
*झज्जर, 10 सितंबर।*
आगामी पांच अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप अभियान के अंतर्गत जागरूकता गतिविधियों का आयोजन जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कैप्टन शक्ति सिंह के मार्गदर्शन और एडीसी सलोनी शर्मा के निर्देशानुसार जारी है। मंगलवार को जिला रैडक्रास सोसायटी द्वारा स्थानीय आई.पी. कालेज झज्जर की छात्राओं को मतदान के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान रेड क्रॉस स्टाफ व छात्र-छात्राओं को मतदान करने के लिए शपथ दिलवाई गई।
जिला रैडक्रास सोसायटी के सचिव देवेंद्र चहल ने छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र एक ऐसी शासन व्यवस्था है जिसमें जनता के हित के लिए जनता के द्वारा चुने गए प्रतिनिधि ही सारी व्यवस्था का संचालन करते है। चुनाव में प्रत्येक मतदाता अपने इच्छानुसार अपने मत का प्रयोग करके अपनी पसंद का प्रतिनिधि चुन सकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को मतदान प्रक्रिया में भागीदारी करनी चाहिए। युवा मतदाताओं एवं युवा पीढ़ी को अपने गांव, शहर तथा आस-पास के मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करना चाहिए ताकि कोई भी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित न रह जाएं।
इस अवसर पर आई.पी. कालेज की निदेशक डा बाला धनखड़, यूथ रैडक्रास काउंसलर डॉ शिखा, कॉलेज स्टाफ, रैडक्रास से हेल्थ एजुकेटर दीपक कुमार, तरुण गर्ग, लेखाकार, प्राथमिक सहायता प्रवक्ता विनय कुमार आदि उपस्थित रहे।
फोटो। झज्जर स्थित आईपी कॉलेज में रैडक्रास सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित स्वीप कार्यक्रम में वोट के प्रति जागरूकता की शपथ लेती छात्राएं।
*बहादुरगढ़ से तीन और बेरी व झज्जर विधानसभा क्षेत्र से दो-दो उम्मीदवारों ने किया नामांकन: डीसी*
*-विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार 12 सितम्बर तक कर सकते हैं नामांकन*
*झज्जर, 10 सितंबर।*
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि हरियाणा विधानसभा आम चुनावों के लिए नामांकन भरने की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है जो कि आगामी 12 सितंबर तक जारी रहेगी। नामांकन प्रक्रिया के चलते मंगलवार को बेरी और झज्जर विधानसभा क्षेत्र से दो -दो प्रत्याशियों तथा बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र से तीन प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए,वहीं बादली विधानसभा क्षेत्र से कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ।
डीसी ने बताया कि मंगलवार को 64 बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र से तीन उम्मीदवारों ने नामांकन किये,जिनमें राजेन्द्र सिंह जून पुत्र स्व सूरजमल,निवासी सैक्टर 2 बहादुरगढ़ ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया। वहीं सचिन जून पुत्र राजेश जून,निवासी सेक्टर 9 ए बहादुरगढ़ और सुनीता धर्मपत्नी राजेश जून निवासी सेक्टर 9 ए बहादुरगढ़ ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम बहादुरगढ़ परमजीत सिंह चहल ने नामांकन प्राप्त किए।
इसी प्रकार 66 झज्जर विधानसभा क्षेत्र से गीता भुक्कल धर्मपत्नी दलबीर सिंह भुक्कल,निवासी तलाव रोड झज्जर तथा दलबीर सिंह भुक्कल पुत्र लीलू राम निवासी तलाव रोड झज्जर ने इंडियन नेशनल कांग्रेस पार्टी प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया।
रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम झज्जर रविन्द्र यादव ने नामांकन प्राप्त किए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 67 बेरी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से रघुबीर सिंह कादयान पुत्र दलीप सिंह,निवासी गांव दुबलधन और यशवीन सिंह कादयान पुत्र रघुबीर सिंह कादयान,निवासी गांव दुबलधन ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया।
रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम बेरी रविंद्र मलिक ने नामांकन प्राप्त किये।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र गुरुवार 12 सितंबर, 2024 तक भरे जा सकते हैं। शुक्रवार 13 सितंबर, 2024 को नामांकन पत्रों की समीक्षा करते हुए छंटनी की जाएगी। सोमवार 16 सितंबर, 2024 तक नामांकन वापिस लिए जा सकते हैं। नामांकन प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों को रिटर्निंग अधिकारी (आरओ)/ सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) के कार्यालय में अपने साथ अधिकतम 4 लोगों को लाने की अनुमति है। उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र सम्बंधित रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) के कार्यालय में प्रात:11 बजे से लेकर दोपहर बाद 3 बजे तक जमा करवा सकते हैं।
उम्मीदवार को सुरक्षा राशि के रूप में जमा करवाने होंगे 10 हजार रुपए
जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए नामांकन के समय उम्मीदवार को सुरक्षा राशि के रूप में 10 हजार रुपये जमा करवाने होंगे। इसके अलावा, जो उम्मीदवार अनुसूचित जाति से संबंधित है, उन्हें संबंधित चुनावों में आधी राशि अर्थात 5 हजार रुपये सुरक्षा राशि के रूप में जमा करवानी होगी, चाहे वह सामान्य निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहा हो या आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र से।
विधानसभा क्षेत्र में चुनाव खर्च की अधिकतम सीमा है 40 लाख रुपए
डीसी ने कहा कि उम्मीदवारों के लिए विधानसभा क्षेत्र में चुनाव खर्च की अधिकतम सीमा 40 लाख रुपये है। उम्मीदवारों या राजनीतिक दलों द्वारा 10 हजार रुपए से अधिक का चुनाव खर्च सभी स्थितियों में क्रॉस्ड अकाउंट पेयी चेक, ड्राफ्ट, आरटीजीएस/एनईएफटी या चुनाव के उद्देश्य से खोले गए उम्मीदवार के बैंक खाते से जुड़े किसी अन्य इलेक्ट्रॉनिक मोड द्वारा करना होगा।
*प्रत्याशियों को आपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी सार्वजनिक करना अनिवार्य: जिला निर्वाचन अधिकारी*
*झज्जर, 10 सितंबर।*
जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा है कि विधानसभा चुनाव के दौरान उम्मीदवारों को अपनी आपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी सार्वजनिक करनी होगी। यह जानकारी प्रत्याशी को समाचार-पत्रों व टीवी चैनलों पर सार्वजनिक करनी होगी।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राजनीतिक पार्टियों को भी अपने उम्मीदवारों की आपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी सार्वजनिक करने के साथ पार्टी की आधिकारिक वेबसाइट पर इसकी सूचना देनी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों व ऐसे उम्मीदवारों के संबंधित राजनीतिक दलों को चुनाव अभियान अवधि के दौरान तीन बार टेलीविजन चैनलों और समाचार पत्रों के माध्यम से इसकी जानकारी प्रकाशित करनी होती है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि यह विवरण उम्मीदवार के चयन के 48 घंटे के भीतर प्रकाशित किए जाएं और संबंधित राजनीतिक दल को उम्मीदवार के चयन के 72 घंटे में निर्वाचन आयोग के समक्ष इन निर्देशों के अनुपालन की रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। उन्होंने कहा कि इस बारे में चुनाव आयोग की वेबसाइट पर विस्तृत नियम मौजूद हैं जिनका नामांकन करने वाले नागरिकों को ध्यानपूर्वक अध्ययन करना
*केवाईसी एप से मतदाता देखें नामांकन करने वालों की प्रोफाइल: जिला निर्वाचन अधिकारी*
*केवाईसी एप मतदाता के अधिकारों को बनाती है सशक्त*
*झज्जर, 10 सितंबर।*
जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन
शक्ति सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाताओं के अधिकारों को सशक्त बनाने के लिए चुनाव आयोग ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा जिले में चार विधानसभा क्षेत्रों के लिए नामांकन करने की प्रक्रिया चल रही है। 12 सितंबर तक चुनाव लड़ने के इच्छुक नागरिक नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाते हुए केवाईसी-ईसीआई (नो योर कैंडिडेट) मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च किया है। इस एप के जरिये विधानसभा चुनाव में नामांकन करने वाले प्रत्याशियों की सूची देखी जा सकती है। इससे मतदाता अपने विधानसभा क्षेत्र के सभी प्रत्याशियों की प्रोफाइल से अवगत हो सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आयोग द्वारा केवाईसी एप शुरू की गई है जो चुनाव प्रक्रिया में काफी अहम रोल रखती है। इस ऐप के जरिये कोई भी व्यक्ति स्वयं के विधानसभा क्षेत्र ही नहीं बल्कि अन्य विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के नामांकन पत्र देख सकता है। नो योर कैंडिडेट (केवाईसी) नाम की यह ऐप गूगल प्ले स्टोर या एप्पल स्टोर से नि:शुल्क में डाउनलोड की जा सकती है। इस एप पर उम्मीदवार का नाम, पिता/पति, पार्टी, उम्र, लिंग, पता, राज्य, विधानसभा की जानकारी मेन डिस्प्ले में दिखाई देती है। इसके साथ ही उम्मीदवार द्वारा नामांकन के दौरान दिया गया हलफनामा इस ऐप में अपलोड किया जाता है। मतदाता सीधे उम्मीदवार के हलफनामे में दी गई जानकारी प्राप्त सकते हैं। इसके अलावा ऐप पर चुनाव के दौरान सभी नामांकन, स्वीकार नामांकन, निरस्त हुए नामांकन और नाम वापस लेने वाले प्रत्याशियों की भी जानकारी मिलती है।
*विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पर्यवेक्षक नियुक्त*
*झज्जर, 10 सितंबर।* डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि चुनाव आयोग ने हरियाणा विधानसभा आम चुनाव 2024 को लेकर झज्जर जिला की चार विधानसभा (बहादुरगढ़, बेरी, बादली व झज्जर) के लिए जनरल व पुलिस ऑब्जर्वरों की नियुक्ति की है। झज्जर जिले की बहादुरगढ़ व बेरी के लिए दीपक रंजन दास, आईएएस व बादली व झज्जर विधानसभा क्षेत्रों के लिए मुक्तानंद अग्रवाल को सामान्य पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। चुनाव आयोग ने जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए के रमेश नायडू, आईपीएस को पुलिस पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इससे पूर्व खर्च पर्यवेक्षक अजीत पाल, आईआरएस को नियुक्त को किया गया था।
*जिले के स्कूलों में पोस्टर व नारों से छात्र समाज को दे रहे मतदान का संदेश*
*जोश व उत्साह के साथ जिले में चल रहा है स्वीप अभियान: एडीसी*
*रंगोली, पोस्टर व नारे: छात्रों का अनोखा जागरूकता अभियान*
*झज्जर, 10 सितंबर।*
स्वीप अभियान की नोडल अधिकारी एडीसी सलोनी शर्मा ने बताया कि जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में स्वीप अभियान को लेकर उत्साह का माहौल है। शिक्षण संस्थान पूरी रुचि के साथ स्वीप अभियान के तहत जागरूकता हेतु अनेक गतिविधियों का आयोजन करवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षण संस्थाओं में स्लोगन, पेंटिंग, स्पीच, रंगोली आदि अनेक बेहद रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
एडीसी ने बताया कि जिले में स्वीप अभियान को लेकर विभिन्न संस्थाओं की भागीदारी बढ़ती जा रही है जो बेहद खुशी की बात है कि समाज के प्रत्येक वर्ग के लोग मतदान व मतदाता जागरूकता हेतु आगे आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्कूलों में प्राध्यापकों द्वारा विद्यार्थियों को चुनाव में मतदान का महत्व बताया जा रहा है तथा विद्यार्थियों से रचनात्मक गतिविधियां करवाई जा रही है। विद्यार्थियों के जरिया जागरूकता अभियान की अलख उनके अभिभावकों तक पहुंचाई जा रही है। वोट के महत्व को लेकर विद्यार्थियों के माध्यम से अभिभावक भी जागरूक हो रहे हैं।
एडीसी ने बताया कि इन गतिविधियों को लेकर बच्चों में भी गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। रा. वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मातनहेल में विद्यार्थियों ने सुंदर स्लोगन लिखते हुए अपनी कला के जरिये लोगों को जागरूक किया। एडीसी ने बताया कि इसके अलावा स्वीप अभियान के तहत जिले के स्कूलों में बच्चों को चुनाव की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है ताकि विद्यार्थी लोकतंत्र में चुनाव के महत्व से वाकिफ हो सकें। उन्होंने बताया कि आज के छात्र ही भविष्य के मतदाता होंगे और उन्हें चुनाव कार्यप्रणाली पता होने से वोट का महत्व भी पता लगेगा कि चुनाव आयोग द्वारा मतदान के लिए समूचे देश में किस स्तर पर कार्य किया जा रहा है।