पटाखे बजाकर दहशत फैलाने वाले 62 बुलेट मोटरसाइकिलों व 77 काली फिल्म लगे वाहनों पर पुलिस ने कसा शिकंजा
बीते दो माह के दौरान 21 बुलेट पटाखा मोटरसाइकिल व 11 काली फिल्म लगी गाड़ियो को किया जपत
झज्जर/बहादुरगढ़ 12 मार्च लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
झज्जर पुलिस की विभिन्न टीमों ने विशेष मुहिम के तहत कार्रवाई करके पटाखे बजाकर दहशत फैलाने वाले बुलेट मोटरसाइकिल चालकों तथा काली फिल्म लगे वाहनों को काबू करके उनके चालान करने का अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आयुक्त श्री बी सतीश बालन के निर्देश पर पुलिस की विभिन्न टीमों ने जनवरी-फरवरी 2024 में पटाका बजाते बुलेट मोटरसाइकिल व नियम विरुद्ध काली फिल्म लगे वाहनो के अनेक चालान किए गए। गली मोहल्लों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, सार्वजनिक सड़कों, चौक चौराहों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जानबूझकर नियमों का उल्लंघन करके मोटरसाइकिल से पटाखे बजाने वालों की अब खैर नहीं। मोटरसाइकिल का सायलेंसर बदलवा कर दहशत फैलाने की नियत से पटाखे बजाए या नियमों की अवहेलना करके वाहनों पर काली फिल्म लगवाई तो पुलिस द्वारा तुरंत सख्त एक्शन लिया जाएगा। पुलिस आयुक्त श्री बी सतीश बालन के आदेश अनुसार व पुलिस उपायुक्त झज्जर डॉक्टर अर्पित जैन , पुलिस उपायुक्त बहादुरगढ़ श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस के अलावा सभी थाना प्रबंधकों व चौकी प्रभारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं। झज्जर जिले में कोई भी नागरिक बुलेट पटाखा बजाते या फिर काली फिल्म की मोटरसाइकिल दिखाई दे तो उसकी सूचना संबंधित एरिया के थाना प्रबंधक या पुलिस कंट्रोल रूम झज्जर को दे सकता है। सूचना देने वाले का नाम व पता गुप्त रखा जाएगा। पुलिस द्वारा जगह-जगह नाकेबंदी कर विशेष रूप से पटाखा बजाती बुलेट मोटरसाइकिलों तथा काली फिल्म लगे वाहनों की चेकिंग की जा रही है। इस अवधि के दौरान सायलेंसर बदलवा कर पटाखा बजाते, प्रेशर हॉर्न का उपयोग, काली फिल्म लगे वाहनों व अन्य ट्रैफिक रूल्स का उल्लंघन करते हुए पाए जाने पर 62 बुलेट पटाखा मोटरसाइकिल व 77 काली फिल्म लगी गाड़ियों के चालान किए गए। जिनमें से 21 बुलेट पटाखा मोटरसाइकिलों व 11 काली फिल्म लगी गाड़ियों को इंपाउंड किया गया। नियमों का उल्लंघन करते पकड़ी गई बुलेट पटाखा मोटरसाइकिलों पर 10,000 से लेकर 20,000 रु तक का जुर्माना किया गया। इसी अवधि के दौरान वाहनों पर काली फिल्म लगाकर नियमों की अवहेलना करते वाहनो को काबू करके चालान की कार्रवाई अमल में लाई गई। पटाखा बजाकर दहशत फैलाने वाली बुलेट मोटरसाइकिलों को पकड़ने तथा नियम विरुद्ध काली फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने व चैकिंग का अभियान सख्ती के साथ लगातार जारी रहेगा। जिस संबंध में यातायात थाना प्रबंधक बहादुरगढ़ नरेश संधु व यातायात प्रभारी झज्जर उप निरीक्षक दिलावर ने बताया कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की पालना को सुनिश्चित करने के लिए झज्जर यातायात पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया गया है। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक एवं भीड़-भाड़ वाले मार्गों व बाजारों में बुलेट पटाखा बाइकों के कारण आमजन को होने वाली परेशानी से निजात दिलाने के मद्देनजर पुलिस विभिन्न टीमों द्वारा विशेष रुप से कड़ी निगाह रखी जा रही है। आमजन से भी बुलेट पटाखा मोटरसाइकिलों संबंध में स्थानीय पुलिस को सूचना देने व पटाखा बजाने वाली बुलेट मोटरसाइकिल को पकड़ने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
