*नेहरू कॉलेज में होगा कार्यक्रम, मंत्री बनवारी लाल होंगे मुख्यअतिथि*
*महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना के जिले के 836 लाभार्थियों को मिलेगा पोजेशन लेटर*
झज्जर, 8 जून। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना के तहत जिन ग्रामीणों के 100-100 गज के प्लाटों की रजिस्ट्री हो चुकी है, उन्हें सोमवार 10 जून को झज्जर स्थित नेहरू पीजी कॉलेज में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री बनवारी लाल पोजेशन लेटर प्रदान करेंगे।
जिन लाभार्थियों को लेटर बांटे जाने हैं, उनको कार्यक्रम के लिए आमंत्रित करने के लिए सूचना भेजी जा रही है।
नेहरू कॉलेज में सोमवार को होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह ने शनिवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से चर्चा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि केवल चयनित लाभार्थियों को ही कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिनकी प्लाटों की रजिस्ट्री हो चुकी है, ऐसे जिले में 836 लाभार्थी हैं जिन्हें मंत्री बनवारी लाल जी द्वारा पोजेशन लेटर जारी किया जाएगा।