जिला भर में तीसरे दिन 266 स्कूल वाहनों को किया चैक : डीसी
नियमों की अवहेलना मिलने पर 17 स्कूल बसों के हुए चालान, एक को किया इंपाउंड
झज्जर, 15 अप्रैल लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
। उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह के नेतृत्व में सडक़ सुरक्षा नियमों की पालना को सुनिश्चित करने व सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य को लेकर जिला में विशेष चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिला में सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की पालना के लिए चलाए गए अभियान के तहत स्कूल बसों के चालक व परिचालक के लिए जारी किये गये निर्देशों की पालना करने बारे अवगत करवाया जा रहा है।
उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि इसी कड़ी में सोमवार को सुरक्षित स्कूल वाहन नीति, मोटर व्हीकल एक्ट और अन्य संबंधित नियमों की अवहेलना के आरोपों में कुल 17 स्कूल वाहनों के चालान किए गए हैं तथा एक स्कूल वाहन को इंपाउंड किया गया।
चैकिंग अभियान के तहत कुल 266 स्कूल वाहनों की चैकिंग की गई है। उन्होंने कहा कि जिला में संचालित सभी प्राईवेट स्कूलों के वाहनों की शत-प्रतिशत चैकिंग होगी। उन्होंने बताया कि स्कूल बसों द्वारा स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन के मध्येनजर जिला में सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत जिला प्रशासन द्वारा विशेष रुप से कड़ी निगाह रखी जा रही है।