नशा मुक्त अभियान के तहत महिला थाना प्रबंधक बहादुरगढ़ ने रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
बहादुरगढ़ 05 मार्च लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
जिला को नशा व अपराध मुक्त करने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त बहादुरगढ़ श्री मयंक मिश्रा के दिशा निर्देश अनुसार शुक्रवार को वैश्य आर्य शिक्षा महिला महाविद्यालय बहादुरगढ़ में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। पुलिस उपायुक्त बहादुरगढ़ श्री मयंक मिश्रा के दिशा निर्देश अनुसार आयोजित जागरूकता रैली को महिला थाना प्रबंधक राजेश कुमारी व कॉलेज प्रिंसिपल डॉक्टर आशा कुमारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों सहित अध्यापक ने भाग लिया। झज्जर जिला को नशा व अपराध मुक्त करने के लिए झज्जर पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए शुक्रवार वैश्य आर्य शिक्षा महिला महाविद्यालय बहादुरगढ़ के विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारी की अगुवाई में युवाओं व आम जन को नशा के दुष्प्रभाव, साइबर फ्रॉड व यातायात के नियमों के बारे जागरूक करने के लिए रैली का आयोजन किया गया। रैली को वैश्य आर्य शिक्षा महिला महाविद्यालय बहादुरगढ़ से महिला थाना प्रबंधक राजेश कुमारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रैली कॉलेज से शुरू होकर लाइनपार बहादुरगढ़ के एरिया की मुख्य गलियों व चोक चौराहों से होते हुए वापस कॉलेज में पहुंची। इस रैली के दौरान विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ हाथों में बैनर लेकर नशे से होने वाली बुराइयों व बीमारियों की जानकारी देने के साथ ही नशे से दूर रहने के नारे लगाकर युवाओं सहित लाइनपार बहादुरगढ़ के लोगों को इसके प्रति जागरूक किया। इस दौरान झज्जर पुलिस द्वारा लोगों को नशे से दूर रहने के संबंध में शपथ दिलाई गई और उन्हें नशा करने वालों को भी जागरूक करने की अपील की गई।
जागरूक रैली के संबंध में जानकारी देते हुए महिला थाना प्रबंधक ने बताया कि पुलिस उपायुक्त श्री मयंक मिश्रा के दिशा निर्देशानुसार झज्जर जिला को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाई गई मुहिम के अंतर्गत नशे के दुष्प्रभाव के बारे लोगों को जागरूक किया गया। उन्हें नशा न करने, यातायात के नियमों का पालन करने व साइबर क्राइम से बचने के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान वैश्य आर्य शिक्षा महिला महाविद्यालय बहादुरगढ़ की प्रिंसिपल डॉक्टर आशा व अन्य अध्यापक और विद्यार्थी मौजूद रहे।