*जिले में उत्सव की तरह चल रहा है मतदाता जागरूकता अभियान*
फोटो – शिक्षण संस्थान में वोटिंग की अपील करते हुए विद्यार्थी।

*हर आयु वर्ग और संस्थाओं का सक्रिय योगदान*
*पोस्टरों, मानव श्रृंखला, मेहंदी आदि प्रतियोगिताओं से जागरूकता का माहौल*
*मतदान का संदेश देने के लिए जिले में हो रही अनूठी पहल*
*झज्जर, 9 सितंबर। लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
स्वीप अभियान की नोडल अधिकारी एवं एडीसी सलोनी शर्मा ने बताया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुरू किया गया वोटर जागरूकता अभियान जिले में उत्सव का रूप ले चुका है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह के मार्गदर्शन में प्रशासन द्वारा संचालित इस व्यापक अभियान में हर आयु वर्ग और समाज के विभिन्न हिस्सों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।
उन्होंने बताया कि स्कूलों के बच्चों से लेकर सामाजिक संस्थाओं तक, हर कोई अपने-अपने अंदाज में वोटर जागरूकता की इस पहल में योगदान दे रहा है। अभियान के दौरान जिले में स्कूलों में सेमिनार, मेहंदी प्रतियोगिता, रंग-बिरंगे पोस्टरों, रंगोली, स्लोगन, अभियान आयोजित करवाए जा रहे हैं। इसके अलावा सिविल अस्पताल में ओपीडी पर्ची पर चुनाव का पर्व, देश का गर्व नारे को स्टंप द्वारा अंकित किया जा रहा है व पांच अक्तूबर को मतदान की अपील की जा रही है। वहीं, एलए सीनियर सेकेंडरी स्कूल झज्जर में भी विद्यार्थियों ने जागरूकता अभियान चलाते हुए मानव श्रृंखला बनाई। इसके अलावा जिले में पोस्टर, बैनर, होर्डिंग आदि लगाए जा रहे हैं जिन पर मतदाताओं को मतदान का महत्व बताते हुए मतदान के प्रति आकर्षित किया जा रहा है। एडीसी ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए भी जागरूकता फैलाई जा रही है। इस अभियान का मकसद न केवल मतदान प्रतिशत को बढ़ाना है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने मताधिकार की महत्व का बोध कराना है।