आम आदमी को घर पर ही सभी लाभकारी योजनाओं का मिल रहा है लाभ : कप्तान सिंह बिरधाना
– नेहरू कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थियों ने सुना प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन


झज्जर,  16 फरवरी ।
लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा

विकसित भारत-विकसित हरियाणा संकल्प के तहत आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेवाड़ी के माजरा गांव में एम्स की आधारशिला सहित अनेक जनकल्याणकारी परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का झज्जर के चारों विधानसभा क्षेत्रों में सीधा प्रसारण दिखाया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम का नेहरू कॉलेज के सभागार में आयोजन हुआ। कार्यक्रम में जिला परिषद चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर डीसी कैप्टन शक्ति सिंह भी उपस्थित रहे।
जिला परिषद चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना ने इस मौके पर अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में भारत और हरियाणा निरंतर प्रगति के पथ पर नए आयाम स्थापित कर रहा है । उन्होंने कहा कि पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति को लाभ पहुंचाने की जो कोशिश सरकार द्वारा लगातार की जा रही है, वह सार्थक सिद्ध हो रही है। उन्होंने भारत संकल्प यात्रा का भी जिक्र करते हुए कहा कि ऐसा पहली बार देखने को मिला है कि आम आदमी को घर पर ही सभी लाभकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए सरकार प्रशासन के माध्यम से उनके घर द्वार तक पहुंची है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेवाड़ी में एम्स की आधारशिला रखकर आसपास के इलाके में रहने वाले लोगों को एक शानदार सौगात दी है । उन्होंने कहा कि जहां पहले चिकित्सा सुविधा के लिए पहले लोगों को मजबूरन दिल्ली, रोहतक और चंडीगढ़ का रुख करना पड़ता था वही एम्स के आ जाने से उन्हे घर के पास ही तमाम उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाये प्राप्त होंगी।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजपाल जांगड़ा सहित पूर्व प्रदेश प्रवक्ता डा. राकेश कुमार ने मनोहर सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि पहली बार प्रदेश के युवाओं को बिना कोई पैसा या रिश्वत दिए घर बैठे नौकरी मिल रही है।