मेला परिसर को स्वच्छ रखना हर श्रद्धालु की नैतिक जिम्मेदारी : एसडीएम
-एसडीएम रविंद्र मलिक ने बेरी में माता भीमेश्वरी देवी मंदिर परिसर में लिया सफाई व्यवस्था का जायजा
आगामी 14 से 16 अप्रैल तक लगेगा मुख्य मेला
बेरी(झज्जर), 11 अप्रैल । लाईव हरियाणा ब्यूरो चीफ जयपाल लाम्बा
एसडीएम रविंद्र मलिक ने कहा कि धर्म नगरी बेरी में इन दिनों माता भीमेश्वरी देवी के दर्शनार्थ दूर दराज से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखना हम सबका नैतिक कर्तव्य बनता है। उन्होंने कहा कि बेरी में वर्ष में दो बार यानि चैत्र और आशिवन माह में माता भीमेश्वरी देवी का मेला लगता है,जिसमें देश और प्रदेश के कोने कोने से भक्तजन दर्शन के लिए आते हैं, ऐसे में हमें अपने आसपास के क्षेत्र में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखना है और कहीं भी गंदगी को नहीं फ़ैलने देना है,ताकि बेरी को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि इस बार माता का मुख्य मेला आगामी 14,15 और 16 अप्रैल को लगेगा। हालांकि श्रद्धालुओं का दर्शन के लिए आगमन प्रथम नवरात्र मंगलवार से ही शुरू हो चुका है।
उन्होंने गुरुवार को नवरात्र के तीसरे दिन माता भीमेश्वरी देवी के अंदर और बाहरी मंदिर परिसरों के अलावा मेला परिधि में सफाई व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
एसडीएम ने मेला में दुकान लगाने वाले दुकानदारों को चेताया कि वे मेला में दुकानों के आगे साफ -सफाई का पूरा ध्यान रखें,अपने खाने पीने के सामान को ढक कर रखें। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने मेला क्षेत्र में लगे सफाई कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी ड्यूटी का निवर्हन पूरी निष्ठा, लग्न व ईमानदारी से करें। मन्दिर परिसर में अच्छी तरह से साफ-सफाई करवाने के साथ-साथ मेला परिसर में अस्थाई और स्थाई शौचालयों की भी प्रतिदिन अच्छी प्रकार से साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उनके साथ नायब तहसीलदार जोगेंद्र धनखड़, नगरपालिका सचिव ललित गोयल, एमई सुनील लाठर, कनिष्ठ अभियंता रोहित लोहचब,सहायक सचिव रेडक्रास सोसायटी पवन शर्मा के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी रहे।