*अभिभावकों के विश्वास पर खरा उतरें अध्यापक : डीसी*
*– डी सी कैप्टन शक्ति सिंह ने किया राजकीय स्कूलों के मुखियाओं को संबोधित*
*–छात्रों को नवाचार के साथ ज्ञान की अभिव्यक्ति का तरीका सिखाएं*
*–तनाव मुक्त बोर्ड परीक्षाओं के लिए छात्रों को अभ्यास करवाएं – बोले डी सी*
*झज्जर, 6 फरवरी।* डी सी कैप्टन शक्ति सिंह ने मंगलवार को पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय कलोई के सभागार में जिलाभर के स्कूल मुखियाओं के लिए आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित किया। गुणवत्ता की शिक्षा और स्कूलों में बेहतर माहौल बनाने के लिए डीसी कैप्टन शक्ति की अनूठी पहल पर 15 नवंबर को शुरू किए गए मेगा मॉनिटरिंग कार्यक्रम की रिपोर्ट ओरिएंटेशन कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी डॉ सुदर्शन पूनिया ने पीपीपी मोड में प्रस्तुत की।
डी सी ने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिए शिक्षकों पर विश्वास करते हैं। अध्यापकों का दायित्व बनता है कि वे अभिभावकों के विश्वास पर खरा उतरें। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने मेगा मॉनिटरिंग कार्यक्रम के तहत स्कूलों में पूरा दिन बिताया और स्कूल में शिक्षा देने की प्रणाली और मौजूद सुविधाओं का आंकलन किया। कार्यक्रम के तहत प्रत्येक स्कूल और खंड वाइज रिपोर्ट तैयार की गई है जो आने वाले दिनोंं में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मुहिम को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा एक दिन का विषय नहीं है, यह निरंतर बेहतर करने की प्रक्रिया है। बोर्ड की परीक्षाएं नजदीक हैं, स्वाभाविक है कि बोर्ड परीक्षाओं का तनाव छात्रों पर होता है। इसलिए छात्रों को तनाव से मुक्त करने के लिए ज्यादा से ज्यादा अभ्यास करवाएं । ई अधिगम का सदुपयोग कराएं। टीचिंग किट का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करें। अभिभावकों को विश्वास में लेकर दसवीं व 12 वीं के छात्रों की जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कक्षाओं की व्यवस्था करें।
डी सी ने कहा कि छात्रों को ज्ञान अर्जित करने के साथ साथ ज्ञान को अभिव्यक्त करने की कला भी आनी चाहिए। अभिव्यक्ति की कला छात्र जीवन से ही शुरू होनी चाहिए। यह जीवन में सफलता के लिए जरूरी है। डीसी ने स्कूल मुखियाओं को स्पष्ट तौर पर कहा कि अच्छा प्रदर्शन करने वाले स्कूल मुखियाओं को सम्मानित किया जाएगा और अच्छा नहीं करने वालों से जवाब मांगा जाएगा। स्कूल मुखिया और विभाग के अधिकारी स्कूल ड्राप आउट और बालिका शिक्षा पर विशेष ध्यान दें। इससे पहले जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार ने डी सी कैप्टन शक्ति सिंह का स्वागत करते हुए स्कूल मुखियाओं को बेहतर करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सीएमजीजीए चेतना चतुर्वेदी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और स्कूल मुखिया मौजूद रहे।